हीरालाल पांडेय, बरवाअड्डा,
महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी अधिनियम (मनरेगा) सरकार की महत्वाकांक्षी योजना है. इस अधिनियम के तहत मजदूरों को साल में सौ दिनों काम देना अनिवार्य है. लेकिन गोविंंदपुर प्रखंड के तिलैया पंचायत में मजदूरों को काम देना, तो दूर काम करने के बाद भी मजदूरी नहीं मिल रही है. समय पर मजदूरी नहीं मिलने पर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करने का भी प्रावधान है. लेकिन कार्रवाई नहीं हो रही है. समय पर मजदूरी नहीं मिलने से लाभुक अपनी गाय, बैल, बकरी बंधक रखकर व महाजनों से सूद में रुपये लेकर किसी तरह से कूप निर्माण का कार्य करा रहे हैं.केस स्टडी-01 :
तिलैया गांव में किसान व मजदूर जुगनी देवी के जमीन में बिरसा सिचाई कूप योजना के तहत कूप का निर्माण कार्य चल रहा है. इसका योजना संख्या3421003030/if/7080903195680 है. योजना की प्राक्कलित राशि 3.90 लाख है. करीब 20 फीट कूप की खुदाई हो चुकी है. कूप निर्माण में 15 लेबर प्रतिदिन काम कर रहे हैं. मेट देवीश्वर किस्कू (काम करानेवाला) ने बताया कि काम करनेवाले मजदूरों का दिनांक 1-04-2024 से 1-07-2024 एवं 09-04-2024 से 15-04-2024 तक ( कुल 12 दिन) का लेबर भुगतान के लिए रोजगार सेवक द्वारा डिमांड (मास्टर रोल) डाला है. लेकिन मजदूरों को मजदूरी नहीं मिल रही है. इस कारण मजदूर व लाभुक के समक्ष गंभीर आर्थिक संकट पैदा हो गया है.केस स्टडी-02 :
बिरसा सिंचाई योजना के तहत तिलैया पंचायत के कांकरछुरी गांव में मजदूर व छोटे किसान कलेश्वर मुर्मू के जमीन में कूप का निर्माण कार्य चल रहा है. इसका योजना संख्या 3421003030/if/7080903198385 है. यहां एक दर्जन से अधिक मजदूर काम कर रहे हैं. करीब 22 फीट कूप की खुदाई हो चुकी है. पानी भी निकल रहा है. यहां भी दिनांक 01-04-2024 से 07-04-2024 तक कुल 15 मजदूरों का मास्टर रोल रोजगार सेवक द्वारा ऑनलाइन (एमआइएस) डाला गया है. लेकिन मजदूरों का भुगतान नहीं हुआ है. इस कारण लाभुक को कूप बनाने में परेशानी हो रही है.केस स्टडी-03 :
बिरसा सिचाई कूप योजना के तहत तिलैया पंचायत के चिकनिया गांव में कूप का निर्माण कार्य चल रहा है. इसका योजना संख्या 3421003030/if/7080903197836 है. यहां भी कूप में काम कर रहे कुल 15 मजदूरों का 04-04-2024 से लेकर 10-04-2024 मास्टर रोल रोजगार सेवक द्वारा डाला गया है. लेकिन किसी मजदूर का भुगतान नहीं किया गया है. इस मामले में मेट छुटूलाल सोरेन का कहना है कि सूद में महाजन से पैसे लेकर मजदूरों को मजदूरी भुगतान किया जा रहा है.फर्जी मास्टर रोल डालकर रुपये निकासी कर गबन करने की तैयारी :
योजना के लाभुक जुगनी देवी व कलेश्वर मुर्मू के कूप निर्माण में कार्यरत मजदूरों का जो ऑनलाइन मास्टर रोल रोजगार सेवक द्वारा डालकर एमआइएस किया गया है. वह पूरी तरह से फर्जी है. कलेश्वर मुर्मू के कूप में कटीलाल मरांडी, सुनील मुर्मू, हाकिम मरांडी, सोनू टुडू, चुनीराम महतो, स्वंय कलेश्वर मुर्मू कूप खुदाई का काम कर रहे हैं. लेकिन इनमें से एक भी मजदूर का नाम मास्टर रोल में नहीं है. इसी तरह जुगनी देवी के कूप में धीरेन महतो, चुनीराम महतो, फूदन हेंब्रम समेत अन्य लेबर काम कर रहे हैं. लेकिन डाले गये मास्टर रोल में एक भी मजदूर का नाम नहीं है. सबसे आश्चर्य की बात है कि मास्टर रोल में कई महिलाओं को कूप की खुदाई का काम करते दिखाया गया है. लेकिन एक भी योजना में महिलाएं कार्यरत नहीं है.मास्टर रोल में इनलोगों का है फर्जी नाम :
बुधन मांझी, तुलाराम मांझी, सुगवा देवी, मीना देवी, चुटकी देवी, हेमंती देवी, प्रभावती देवी, गंधारी देवी, सुनीता देवी, विजय कुमार महतो, लालू कुंभकार, रेशमी देवी, हीरामनी देवी, सुबोधी देवी, कुचीला देवी,नारायण कर्मकार समेत अन्य मजदूरों को काम में दिखाकर मास्टर रोल डाला गया है. ग्रामीणों ने बताया कि बिचौलियों के माध्यम से रोजगार सेवक ने फर्जी लेबर डालकर रुपये की निकासी करने में लगे हुए हैं.लाभुक और मजदूरों का दर्द : कार्यस्थल पर नहीं आते रोजगार सेवक
रोजगार सेवक कभी भी कार्यस्थल पर नहीं आया है. 20 फीट से ऊपर कूप की गहराई कर चुका हूं. लेकिन अभी तक भुगतान नहीं मिला है. मजदूरों को भुगतना देने के लिए एक गाय, एक बैल व दो बकरी बंधक रखकर सूद में रुपये लेकर मजदूरों का भुगतान किया हूं. मैं खुद कूप में मजदूरी कर रहा हूं. लेकिन रोजगार सेवक द्वारा डाले गये मास्टर रोल में मेरा नाम नहीं है. फर्जी मास्टर रोल डालकर रुपये गबन करने तैयारी की जा रही है.चुनीराम महतो,
लाभुक जुगनी देवी के पतिचार सप्ताह से काम चल रहा है. लेकिन अभीतक मजदूरी नहीं मिली है. रोजगार सेवक क्षेत्र में कभी भी नहीं आता है. 30 रुपये प्रति सैकड़ा में सूद में महाराज से रुपये लेकर मजदूरों का मजदूरी भुगतान कर रहा हूं. जानकारी मिली है कि फर्जी मजदूरों का मास्टर रोल डालकर रोजगार सेवक रुपये निकासी करने के फिराक में लगे हुए हैं.कलेश्वर मुर्मू,
लाभुक सह मनरेगा मजदूरजमीन में बन रहे कूप में काम कर रहा हूं. लेकिन मजदूरी मिलने में देरी हो रही है. डाले गये मास्टर रोल में मेरा नाम नहीं है.
