कतरास के भू-धंसान प्रभावित इलाकों में बीसीसीएल की बड़ी कार्रवाई, आवाजाही पर रोक के साथ पुनर्वास के लिए क्या है प्लान?

धनबाद के छाताबाद, मस्जिद रोड और खुशबू मोहल्ला में लगातार हो रही भू-धंसान की घटनाओं के बाद बीसीसीएल ने सख्त कदम उठाए हैं। प्रभावित इलाकों की घेराबंदी कर लोगों की आवाजाही पर रोक लगा दी गई है। प्रबंधन ने पुनर्वास योजना का भी खुलासा किया है.

धनबाद. छाताबाद फुटबॉल मैदान, मस्जिद रोड और खुशबू मोहल्ला में लगातार हो रही भू-धंसान की घटनाओं के बीच शनिवार को बीसीसीएल गोविंदपुर क्षेत्र और न्यू आकाशकिनारी कोलियरी की टीम ने प्रभावित स्थलों का निरीक्षण किया. निरीक्षण के दौरान प्रबंधन ने भू-धंसान वाले स्थानों की घेराबंदी कर लोगों की आवाजाही पूरी तरह रोकने का निर्देश दिया. अधिकारियों ने सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए स्थानीय लोगों से प्रभावित स्थलों से दूर रहने की अपील की.

गोविंदपुर क्षेत्र के जीएम सत्यकाम आनंद ने कहा कि लगातार हो रही भू-धंसान की घटनाओं को लेकर प्रबंधन चिंतित है. उन्होंने प्रभावित परिवारों से किसी तरह का जोखिम नहीं लेने और जल्द सुरक्षित स्थान पर चले जाने की अपील की. उन्होंने कहा कि प्रभावित क्षेत्रों में लोगों की आवाजाही रोकना जरूरी है, ताकि किसी संभावित हादसे से बचा जा सके.

ये भी पढ़ें: VIDEO : धनबाद का चर्चित रंजय सिंह हत्याकांड: 338 तारीखें और 260 पन्नों का फैसला, जानें कोर्ट में क्या हुआ

बेलगड़िया में पुनर्वास का प्रावधान

जीएम ने बताया कि प्रभावित परिवारों के पुनर्वास के लिए बेलगड़िया में प्रत्येक परिवार को दो आवास और ढाई लाख रुपये देने का प्रावधान है. उन्होंने बताया कि दो दिन पहले वाहनों की व्यवस्था कर प्रभावित महिला-पुरुषों को बेलगड़िया भेजा गया था, जहां उन्हें पुनर्वास के लिए उपलब्ध आवास दिखाये गये.

शनिवार को प्रभावित क्षेत्र के कुछ लोगों ने सिंदुआरटांड़ आवासीय कॉलोनी का भी जायजा लिया. प्रबंधन ने प्रभावित परिवारों से आधार कार्ड जमा करने को कहा है, ताकि पुनर्वास की प्रक्रिया को जल्द आगे बढ़ाया जा सके.

भराई से खतरा खत्म होने की गारंटी नहीं

भू-धंसान वाले स्थानों की खुदाई कराने अथवा ओबी से भराई कराने की मांग पर जीएम ने कहा कि केवल भराई करने से खतरा पूरी तरह समाप्त नहीं होगा. उनके अनुसार, भराई के बाद भी बच्चों के वहां खेलने या मवेशियों के आने-जाने से दुर्घटना की आशंका बनी रह सकती है. इसी वजह से प्रभावित स्थल की घेराबंदी कर लोगों की आवाजाही रोकना आवश्यक है.

प्रबंधन की टीम ने निरीक्षण के दौरान प्रभावित स्थलों की स्थिति का जायजा लिया और सुरक्षा से जुड़े निर्देश दिये. अधिकारियों ने स्थानीय लोगों से घेराबंदी वाले क्षेत्रों में प्रवेश नहीं करने तथा बच्चों और मवेशियों को भी वहां जाने से रोकने की अपील की.

मौके पर क्षेत्रीय सुरक्षा पदाधिकारी नारायण प्रसाद, सुरक्षा पदाधिकारी उपेंद्र कुमार समेत बीसीसीएल के अन्य अधिकारी मौजूद थे.

ये भी पढ़ें: निरसा के सिनेमा हॉल मोड़ पर ग्रामीणों का जोरदार प्रदर्शन, अवैध कोयला परिवहन रोकने की मांग

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Kamdeo singh

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >