डीजीएमएस मुख्यालय में जुटे विशेषज्ञ, खनन में बैटरी तकनीक पर किया मंथन

धनबाद में आयोजित बीएमएस-2026 संगोष्ठी में विशेषज्ञों ने खनन क्षेत्र में बैट्री तकनीक के उपयोग, सुरक्षा और भविष्य की चुनौतियों पर विस्तार से चर्चा की।

सिंफर के निदेशक प्रो अरविंद कुमार मिश्रा ने कहा कि बैट्री तकनीक खनन क्षेत्र में बदलाव का महत्वपूर्ण माध्यम बन सकती है. बैट्री चालित उपकरणों और इलेक्ट्रिक वाहनों के बढ़ते इस्तेमाल के बीच सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देना जरूरी है.

खनन क्षेत्र की जरूरतों के अनुरूप नयी तकनीकों को अपनाने से सुरक्षित, स्मार्ट और टिकाऊ खनन को बढ़ावा मिलेगा. वह डीजीएमएस, धनबाद की ओर से डीजीएमएस मुख्यालय के सभागार में आयोजित राष्ट्रीय संगोष्ठी बीएमएस-2026 को संबोधित कर रहे थे.

विशेषज्ञों की सहभागिता से संगोष्ठी समृद्ध

खनन क्षेत्र के लिए बैट्रियां-चुनौतियां एवं आगे की राह विषय पर आयोजित संगोष्ठी में खनन क्षेत्र में बैट्री तकनीक से जुड़ी चुनौतियों, सुरक्षा, तकनीकी विकास और नियामकीय जरूरतों पर विशेषज्ञों ने मंथन किया.

इसकी अध्यक्षता डीजीएमएस के महानिदेशक उज्ज्वल ताह ने की. आइआइइएसटी-शिबपुर के निदेशक प्रो वीएमएसआर मूर्ति और आइआइटी आइएसएम धनबाद के निदेशक प्रो सुकुमार मिश्रा विशिष्ट अतिथि थे. संगोष्ठी के संयोजक डीजीएमएस के उप महानिदेशक (विद्युत) अजय सिंह थे.

सुरक्षा डिजाइन का हिस्सा हो

आइआइटी आइएसएम धनबाद के निदेशक प्रो सुकुमार मिश्रा ने बैट्री तकनीक में सुरक्षा आधारित डिजाइन पर जोर दिया. उन्होंने कहा कि बैट्री चालित उपकरणों के इस्तेमाल से पहले सुरक्षा को डिजाइन का अभिन्न हिस्सा बनाना होगा.

प्रो वीएमएसआर मूर्ति ने कहा कि यह संगोष्ठी उद्योग विशेषज्ञों, नियामकों, शोधकर्ताओं और पेशेवरों के बीच ज्ञान और अनुभव साझा करने का महत्वपूर्ण मंच है.

32 शोध पत्र मिले, 28 स्मारिका में प्रकाशित

संगोष्ठी में कुल 32 तकनीकी शोध पत्र प्राप्त हुए, जिनमें 28 को बीएमएस-2026 स्मारिका में प्रकाशित किया गया. तकनीकी सत्रों में देश के विभिन्न हिस्सों से आये विशेषज्ञों, हितधारकों और बैट्री निर्माताओं ने 14 शोध पत्र प्रस्तुत किये. कार्यक्रम में बीएमएस-2026 स्मारिका का विमोचन भी किया गया.

नयी तकनीकों से सतत रहना होगा अपडेट

डीजीडीजीएमएस के डीजी उज्ज्वल ताह ने कहा कि तेजी से बदलती तकनीक के बीच खनन पेशेवरों को नयी तकनीकों की जानकारी से लगातार अपडेट रहना होगा. समापन सत्र में खान सुरक्षा उपमहानिदेशक आरटी मंडेकर ने कहा कि बैट्री चालित उपकरणों को अपनाते समय सुरक्षा, विश्वसनीयता और नियामकीय अनुपालन सुनिश्चित करना जरूरी है.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By मनोहर कुमार

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >