भू-धंसान से कामनी कल्याण मोहल्ले में मची अफरा-तफरी, चार घर बुरी तरह क्षतिग्रस्त

झरिया-धनबाद मुख्य मार्ग पर भू-धंसाव ने मचाई अफरा-तफरी, कामनी कल्याण मोहल्ले में दर्जनों घरों में आई दरारें, चार घर बुरी तरह क्षतिग्रस्त. लोगों के आक्रोश को देखते हुए मेयर ने किया निरीक्षण और बीसीसीएल अधिकारियों से तत्काल राहत की मांग की.

झरिया-धनबाद मुख्य मार्ग स्थित आरएसपी कॉलेज से सटे कामनी कल्याण मोहल्ले में शनिवार को तेज आवाज के साथ भू-धंसान होने से अफरा-तफरी मच गयी. घटना में करीब एक दर्जन घरों में दरारें आ गयीं, जबकि चार घर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गये. एक दर्जन से अधिक घरों के आंगन और दीवारों में भी दरारें पड़ने की सूचना है. घटना के बाद लोग दहशत में घरों से बाहर निकल आये.

लोगों ने सड़क जाम कर जताया आक्रोश

भू-धंसान की घटना से आक्रोशित स्थानीय लोगों ने झरिया-धनबाद मुख्य मार्ग को जाम कर प्रदर्शन शुरू कर दिया. लोगों का कहना था कि इलाके में लगातार जमीन संबंधी खतरा बना हुआ है. सूचना मिलने पर झरिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया. स्थानीय लोगों ने मेयर संजीव सिंह को भी घटना की जानकारी दी.

मेयर ने किया निरीक्षण, बीसीसीएल अधिकारियों से की बात

भू-धंसान प्रभावित लोगो से बात करते मेयर संजीव सिंह | Prabhat Khabar Network

सूचना मिलने पर मेयर संजीव सिंह घटनास्थल पहुंचे और क्षतिग्रस्त घरों का निरीक्षण किया. उन्होंने बस्ताकोला के महाप्रबंधक एसके गायकवाड़ सहित बीसीसीएल के वरीय अधिकारियों से फोन पर बात कर तत्काल राहत कार्य शुरू करने को कहा. इसके बाद महाप्रबंधक एसके गायकवाड़ और राजापुर परियोजना पदाधिकारी एम. कुंडू दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थानीय लोगों से बातचीत की.

ब्लास्टिंग और ओबी डंपिंग को बताया कारण

घर में पड़ी दरार | Prabhat Khabar Network

स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि राजापुर परियोजना में हो रही ब्लास्टिंग और ट्रेंच कटिंग के समीप ओबी डंप किये जाने के कारण भू-धंसान की स्थिति बनी है. लोगों ने कहा कि वे कई पुश्तों से रैयती जमीन पर रह रहे हैं. उन्होंने बीसीसीएल प्रबंधन से तत्काल मुआवजा देने और उन्हें सुरक्षित स्थान पर बसाने की मांग की.

चार परिवारों को सुरक्षित स्थान पर कराया गया शिफ्ट

मेयर संजीव सिंह ने कहा कि बीसीसीएल को लोगों की सुरक्षा के साथ खिलवाड़ नहीं करने दिया जाएगा. घटना के बाद प्रशासन ने अति खतरनाक हो चुके चार घरों के परिवारों को तत्काल सुरक्षित स्थान पर शिफ्ट कराया. आशीष रवानी, बेबी देवी, निरंजन रवानी और विश्वजीत दे के परिजनों को माइंस रेस्क्यू स्टेशन परिसर स्थित पुराने जीएम बंगला और खाली आवासों में अस्थायी रूप से रखा गया है. परिवारों के शिफ्ट होने के बाद स्थानीय लोगों ने सड़क जाम समाप्त कर दिया.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Umesh singh

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >