धनबाद. बलियापुर बाजार स्थित माइ मोबाइल गैलेक्सी एंड रिपेयरिंग सेंटर में शुक्रवार की देर रात चोरों ने सेंधमारी कर 20 एंड्राइड मोबाइल और करीब एक हजार रुपये नकद चोरी कर लिये. चोर दुकान के पीछे की ईंट की दीवार में सेंध बनाकर अंदर दाखिल हुए और उसी रास्ते से मोबाइल व नकदी लेकर फरार हो गये. शनिवार सुबह दुकान खोलने पहुंचे संचालक को घटना की जानकारी हुई.
सुबह दुकान खोलने पर मिली चोरी की जानकारी
बलालाडीह निवासी दुकानदार मो तनवीर आलम शुक्रवार की शाम करीब आठ बजे दुकान बंद कर घर चले गये थे. शनिवार सुबह करीब 9:45 बजे जब वह दुकान खोलने पहुंचे, तो पीछे की दीवार में सेंध देखकर उनके होश उड़ गये. दुकान के अंदर जाकर सामान की जांच करने पर कोको, सैमसंग और रियलमी कंपनी के 20 एंड्राइड मोबाइल गायब मिले.
दुकान के ड्रॉअर में रखे करीब एक हजार रुपये भी चोर ले गये थे. इसके बाद दुकानदार ने तत्काल बलियापुर पुलिस को घटना की सूचना दी.
पुलिस ने घटनास्थल का किया निरीक्षण
सूचना मिलने पर थाना प्रभारी सत्यजीत कुमार, एसआइ महेश्वर महतो समेत पुलिस टीम मौके पर पहुंची. पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर दुकानदार से घटना की जानकारी ली. दुकान में चोरों के प्रवेश और बाहर निकलने के रास्ते के साथ आसपास की गतिविधियों की भी जांच की गयी.
पुलिस चोरी के तरीके और घटना के पीछे संभावित लोगों के बारे में जानकारी जुटा रही है. आसपास के क्षेत्र में भी पुलिस ने आवश्यक जांच शुरू कर दी है.
बाजार में सुरक्षा बढ़ाने की मांग
पर्व-त्योहार के मौके पर बाजार में मोबाइल दुकान में चोरी की घटना से स्थानीय दुकानदारों में चिंता बढ़ गयी है. दुकानदारों का कहना है कि बाजार क्षेत्र में रात के समय सुरक्षा व्यवस्था मजबूत किये जाने की जरूरत है.
स्थानीय दुकानदारों ने पुलिस प्रशासन से बाजार में रात्रि गश्त बढ़ाने और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं पर रोक लगायी जा सके.
ये भी पढ़ें: धनबाद से गया होकर बिहार भेजने की थी तैयारी, RPF ने ऐसे नाकाम किया तस्करी का प्लान
