कागजात पूरे होने के बावजूद वाहन जब्ती का आरोप, धनबाद थाना के सामने ऑटो-टोटो चालकों ने किया सड़क जाम

धनबाद में ट्रैफिक पुलिस पर मनमानी का आरोप लगाते हुए ऑटो और टोटो चालकों ने थाना के पास सड़क जाम कर दिया. चालकों ने वाहनों की अवैध जब्ती का विरोध किया.

धनबाद : ट्रैफिक पुलिस पर अनियमितता का आरोप लगाते हुए ऑटो और टोटो चालकों ने शुक्रवार को धनबाद थाना के गेट के सामने सड़क जाम कर प्रदर्शन किया. विरोध के दौरान कई चालक सड़क पर लेट गये. चालकों का आरोप था कि वाहनों के सभी जरूरी कागजात होने के बावजूद ट्रैफिक पुलिस जबरन ऑटो और टोटो जब्त कर रही है.

चालकों ने कहा कि वाहन जब्त करने के दौरान उन्हें यह भी स्पष्ट नहीं बताया जाता कि आखिर किस कागजात में कमी के कारण कार्रवाई की गयी है. उनका कहना था कि अगर किसी वाहन के कागजात में त्रुटि है तो नियमानुसार जुर्माना किया जाये, लेकिन वाहन को कई दिनों तक थाना में खड़ा रखने से उनकी रोजी-रोटी प्रभावित हो रही है.

वाहन जब्ती से रोजी-रोजगार पर असर

टोटो चालक अर्जुन दास ने बताया कि उन्होंने करीब आठ महीने पहले वाहन खरीदा है और उनके पास सभी कागजात मौजूद हैं. इसके बावजूद ट्रैफिक पुलिस ने उनका वाहन जब्त कर लिया. उन्होंने कहा कि यदि कोई कमी है तो नियमानुसार फाइन किया जाना चाहिए. वाहन जब्त होने के बाद दो-तीन दिनों तक थाना में खड़ा रहने से कमाई पूरी तरह बंद हो जाती है.

वहीं, ऑटो चालक बबलू कुमार साव ने आरोप लगाया कि ट्रैफिक थाना जाने पर उन्हें बार-बार अलग-अलग तरीके से घुमाया जा रहा है. इससे चालकों के सामने रोजी-रोजगार का संकट खड़ा हो गया है.

आश्वासन के बाद हटाया जाम

प्रदर्शन के कारण धनबाद थाना के सामने कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित रहा. बाद में आश्वासन मिलने के बाद ऑटो और टोटो चालकों ने सड़क जाम हटा लिया. चालकों ने वाहन जब्ती की कार्रवाई में पारदर्शिता बरतने और कागजात में कमी होने पर स्पष्ट जानकारी देने की मांग की.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Pratik popat

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >