निकाय चुनाव की तैयारियों पूरी कर ली गयी हैं. वोटरों को मतदान के लिए जागरूकता किया जायेगा. जहां कम वोटिंग होती है, वहां विशेष जागरुकता अभियान चलाकर मतदान प्रतिशत बढ़ाने का प्रयास किया जाएगा. उक्त बातें उपायुक्त सह जिला निर्वाचन पदाधिकारी आदित्य रंजन ने रविवार को प्रेस कांफ्रेंस कर कही. उन्होंने बताया कि 23 फरवरी को चुनाव के दिन सभी मतदान केंद्रों में पर्याप्त संख्या में सुरक्षाबल तैनात रहेंगे. सभी मतदान केंद्रों में एश्योर्ड मिनिमम फैसिलिटी की विशेष व्यवस्था रहेगी. सभी सुविधाओं के साथ हर बूथ मॉडल बूथ होगा. वहीं एसएसपी प्रभात कुमार ने कहा कि जिले में 1016 लाइसेंसी आर्म्स धारकों में से अब तक मात्र 189 ने ही अपने हथियार थाना में जमा किये हैं. अंतिम तिथि 15 फरवरी तक अपने शस्त्र नजदीकी थाना में जमा करें, अन्यथा लाइसेंस कैंसिल कर दिया जायेगा. अगर किसी को आर्म्स किसी सुरक्षा कारणों से रखना है तो प्रशासन को आवेदन देना होगा. मौके पर जिला पंचायती राज पदाधिकारी मुकेश कुमार बाउरी, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी सुनील सिंह समेत सभी निर्वाची पदाधिकारी मौजूद थे.
एसडीएम कार्यालय में बनाया गया है कंप्लेन मॉनिटरिंग सेल
उपायुक्त ने कहा कि निष्पक्ष चुनाव के लिए फ्लाइंग स्क्वायड टीम, स्टेटिक सर्विलांस टीम, सीसीटीवी कैमरे, चेक पोस्ट के साथ अनुमंडल दंडाधिकारी के कार्यालय में कंप्लेन मॉनिटरिंग सेल व एक्सपेंडिचर सेल कार्यरत है. आचार संहिता का उल्लंघन होने पर मॉनिटरिंग सेल या प्रेक्षकों से शिकायत कर सकते हैं.
1016 बूथ पर होगा निकाय चुनाव का मतदान
उपायुक्त ने बताया कि धनबाद नगर निगम व चिरकुंडा नगर परिषद में कुल 1016 बूथ हैं. इनमें धनबाद नगर निगम क्षेत्र में 158 सामान्य, 648 संवेदनशील व 168 अति संवेदनशील मतदान केंद्र है. जबकि चिरकुंडा नगर परिषद में 40 सामान्य व दो संवेदनशील मतदान केंद्र हैं.
मतदान के दिन 23 फरवरी को बिरसा मुंडा स्पोर्ट्स कांप्लेक्स से मतदान सामग्री डिस्पैच की जायेगी. वहीं मतदान के बाद धनबाद पॉलिटेक्निक में मतदान सामग्री रिसीव की जाएगी. 27 फरवरी यहीं मतगणना होगी.
अति संवेदनशील केंद्रों पर होगी अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती : एसएसपी
वरीय पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार ने कहा कि हर मतदान केंद्र पर पुलिस पदाधिकारी रहेंगे. अति संवेदनशील मतदान केंद्रों में एक्स्ट्रा पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति की जाएगी. चुनाव के दौरान क्विक रिस्पांस टीम भ्रमणशील रहेगी. सोशल मीडिया पर नजर रखने के लिए सोशल मीडिया मॉनिटरिंग सेल 24 घंटे कार्यरत है.
मीडिया भी फेक व भ्रामक न्यूज फैलाने से बचे
एसएसपी ने फेक न्यूज, भ्रामक न्यूज, पक्षपातपूर्ण न्यूज, आपसी सौहार्द और विधि व्यवस्था बिगाड़ने वाली न्यूज सामग्री से परहेज करने का अनुरोध किया. कहा कि प्रत्याशी द्वारा मतदाताओं को प्रलोभन देने की शिकायत मिलने पर कड़ी कार्रवाई की जायेगी.
1.99 लाख से अधिक नकद पर देनी होगी स्रोत व काम की जानकारी
इस दौरान बताया गया कि चुनाव के दौरान 1.99 लाख से अधिक नगद राशि लेकर जलने पर व्यक्ति को उसके स्रोत व उपयोग की जानकारी देनी होगी. वहीं 10 लाख से अधिक नगद राशि मिलने पर आयकर विभाग को सूचित किया जायेगा.