बंद वर्कशॉप में 35-40 हथियारबंद अपराधियों का धावा, तीन गार्ड को बंधक बना 6 लाख का केबल लूटा

ईसीएल मुगमा क्षेत्र का बंद बराकर इंजीनियरिंग वर्कशॉप एक बार फिर अपराधियों के निशाने पर आया. करीब 35-40 हथियारबंद अपराधियों ने धावा बोलकर तीन सुरक्षा प्रहरियों को बंधक बनाया और 6 लाख रुपये का केबल लूटकर फरार हो गए. यह घटना क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करती है.

ईसीएल मुगमा क्षेत्र अंतर्गत बंद बराकर इंजीनियरिंग वर्कशॉप एक बार फिर अपराधियों के निशाने पर आ गया. बुधवार की देर रात करीब 35-40 की संख्या में हथियारबंद अपराधियों ने वर्कशॉप में धावा बोलकर ड्यूटी पर तैनात तीन सुरक्षा प्रहरियों के साथ मारपीट की और उन्हें बंधक बना लिया. इसके बाद अपराधी वर्कशॉप से करीब 120 फुट पुराना केबल लूटकर फरार हो गये. लूटे गये केबल की कीमत करीब छह लाख रुपये बतायी जा रही है.

चारदीवारी में सेंध लगाकर घुसे अपराधी

जानकारी के अनुसार घटना रात करीब एक से डेढ़ बजे के बीच की है. अपराधियों ने वर्कशॉप के डीजी रूम और फिटिंग शॉप के समीप चारदीवारी में सेंध लगाकर परिसर में प्रवेश किया. अंदर पहुंचते ही ड्यूटी पर तैनात सुरक्षा प्रहरियों को पीछे से पकड़कर मारपीट शुरू कर दी.

अपराधियों ने मैनेजर हांसदा, इस्माईल अंसारी और अरविंद बाउरी के हाथ पीछे से बांध दिये और उन्हें एक कमरे में बंद कर दिया. तीनों के मुंह में कपड़ा ठूंस दिया गया था. अपराधियों ने उनके मोबाइल फोन, आधार कार्ड, वोटर कार्ड, टॉर्च समेत अन्य सामान भी छीन लिये.

छह लाख का केबल लेकर हुए फरार

सुरक्षा प्रहरियों को बंधक बनाने के बाद अपराधियों ने वर्कशॉप परिसर में रखा करीब 120 फुट पुराना केबल उठा लिया. इसकी अनुमानित कीमत छह लाख रुपये बतायी गयी है. वारदात को अंजाम देने के बाद सभी अपराधी मौके से फरार हो गये.

घटना में घायल तीनों सुरक्षा प्रहरियों का इलाज पश्चिम बंगाल स्थित ईसीएल सकतोड़िया में कराया जा रहा है.

पेट्रोलिंग पार्टी ने फायरिंग कर गार्डों को कराया मुक्त

रात करीब तीन बजे एरिया पेट्रोलिंग पार्टी वर्कशॉप पहुंची और सुरक्षा प्रहरियों को आवाज दी. अंदर से कोई जवाब नहीं मिलने पर पेट्रोलिंग पार्टी ने एक राउंड हवाई फायरिंग की. इसके बाद भी कोई प्रतिक्रिया नहीं मिलने पर जवानों ने दीवार फांदकर वर्कशॉप के अंदर प्रवेश किया.


घायल सुरक्षा कर्मी

जांच के दौरान तीनों सुरक्षा प्रहरियों को बंधक अवस्था में पाया गया. पेट्रोलिंग पार्टी ने उन्हें मुक्त कराया, जिसके बाद स्थानीय लोगों की मदद से घायल सुरक्षा प्रहरियों को इलाज के लिए सकतोड़िया भेजा गया.

पहले भी कई बार हो चुकी है लूट

बराकर इंजीनियरिंग वर्कशॉप में इससे पहले भी चोरी और लूट की कई घटनाएं हो चुकी हैं. 14 मई 2026 को तीन सुरक्षा प्रहरियों अनूप चक्रवर्ती, काजल मंडल और सोमित्र नायक के साथ मारपीट कर उन्हें घायल किया गया था. इस दौरान वर्कशॉप से पीतल, तांबा और केबल लूटे गये थे.

18 जुलाई 2026 को अपराधी वर्कशॉप से एक वेल्डिंग मशीन और करीब 10 फुट केबल ले गये थे. वहीं 7 जुलाई 2026 को करीब 20 फुट केबल और पीतल के पार्ट्स की चोरी हुई थी. लगातार हो रही घटनाओं से बंद वर्कशॉप की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं.

2022 से बंद है वर्कशॉप

बराकर इंजीनियरिंग वर्कशॉप वर्ष 2022 से बंद है. इसके बावजूद यहां लगातार चोरी और लूट की घटनाएं सामने आ रही हैं. बुधवार रात हुई बड़ी वारदात के बाद सुरक्षा व्यवस्था को लेकर फिर सवाल खड़े हो गये हैं.

प्रबंधन की ओर से निरसा थाना में प्राथमिकी दर्ज कराने की प्रक्रिया की जा रही है. निरसा थाना प्रभारी अजीत कुमार भारती ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है. उन्होंने कहा कि घटना में शामिल गिरोह का पता लगाकर जल्द गिरफ्तारी की जायेगी.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By अरिंदम चक्रवर्ती

अरिंदम चक्रवर्ती बीते 11 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता में जुड़े हैं। वे निरसा क्षेत्र की खबरों की रिपोर्टिंग और संपादकीय समन्वय का दायित्व निभाते हैं। स्थानीय मुद्दों, जनसरोकार और क्षेत्रीय घटनाओं पर तथ्यपरक एवं विश्वसनीय रिपोर्टिंग उनकी प्रमुख पहचान है।

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >