धनबाद. बिनोद बिहारी महतो कोयलांचल विश्वविद्यालय (बीबीएमकेयू) में बहुउद्देशीय कर्मचारी समेत विभिन्न पदों के लिए जारी मानवशक्ति आउटसोर्सिंग निविदा की शर्तों के विरोध में शनिवार को आजसू छात्र संघ ने प्रदर्शन किया. इस दौरान विश्वविद्यालय के कुलपति का पुतला दहन कर विश्वविद्यालय प्रशासन की नीतियों के खिलाफ विरोध जताया गया. कार्यक्रम का नेतृत्व आजसू छात्र संघ के प्रदेश महासचिव विशाल महतो ने किया.
छह करोड़ की निविदा में 20 करोड़ टर्नओवर की शर्त पर सवाल
विशाल महतो ने आरोप लगाया कि निविदा की तकनीकी पात्रता में ऐसी शर्तें रखी गयी हैं, जिससे स्थानीय छात्र, युवा, उद्यमी और छोटे सेवा प्रदाताओं के लिए निविदा प्रक्रिया में प्रभावी रूप से भाग लेना मुश्किल हो जायेगा. उन्होंने कहा कि करीब छह करोड़ रुपये की निविदा में 20 करोड़ रुपये का वार्षिक कारोबार अनिवार्य करना अत्यधिक कठोर शर्त है. इससे बड़ी बाहरी कंपनियों को फायदा मिलने और प्रतिस्पर्धा सीमित होने की आशंका है.
ये भी पढ़ें: निरसा में जमाडा की जमीन पर मार्केट कॉम्प्लेक्स की कवायद तेज, सैकड़ों दुकानों से रोजगार की उम्मीद
आजसू छात्र संघ ने मांग की कि सरकारी प्रावधानों और संबंधित न्यायालय के आदेशों के अनुरूप सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यमों (एमएसएमई) तथा पात्र स्थानीय संस्थाओं को कारोबार, अनुभव और अन्य पात्रता शर्तों में मिलने वाली छूट दी जाये. संघ ने छह करोड़ रुपये की निविदा में 20 करोड़ रुपये के वार्षिक कारोबार की अनिवार्यता समाप्त करने की मांग की.
सुरक्षा लाइसेंस की अनिवार्यता पर भी जतायी आपत्ति
संघ ने बहुउद्देशीय कर्मचारी की पूरी निविदा में निजी सुरक्षा एजेंसी विनियमन अधिनियम के तहत लाइसेंस की अनिवार्यता पर भी सवाल उठाया. विशाल महतो ने कहा कि यह लाइसेंस सुरक्षा सेवाओं से संबंधित है, जबकि बहुउद्देशीय कर्मचारी और अन्य गैर-शैक्षणिक पदों का कार्य प्रशासनिक गतिविधियों से जुड़ा है. इसलिए लाइसेंस की अनिवार्यता केवल सुरक्षा से संबंधित पदों तक सीमित की जानी चाहिए.
राज्यपाल को भेजा पत्र, कानूनी नोटिस भी
विशाल महतो ने कहा कि मांगों को लेकर राज्यपाल को पत्र भेजा गया है. वहीं विश्वविद्यालय प्रशासन को कानूनी नोटिस भी दिया गया है. उन्होंने चेतावनी दी कि मांगों पर जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और व्यापक किया जायेगा.
ये भी पढ़ें: बरवाअड्डा में नकली शराब के अड्डे पर पुलिस की दबिश, ब्रांडेड कंपनियों के रैपर व खाली बोतलें जब्त
प्रदर्शन में प्रदेश सचिव नितेश महतो, छात्र नेता रौनक कुमार, विवेक महतो, प्रेम पांडेय, राज हाजरा, सुदामा महतो, कबीर यदुवंशी, गौतम धीबर, भोला पासवान समेत कई छात्र नेता और कार्यकर्ता मौजूद थे.
