Dhanbad News: आंधी से एलसी रोड में कार पर गिरा पेड़, बाल-बाल बचे चार लोग
शहर में शुक्रवार की शाम तेज आंधी के साथ बारिश आफत बनकर बरसी. इस दौरान तार टूटने से शहर में बिजली सेवा बुरी तरह प्रभावित हो गयी. वहीं शहर के एलसी रोड व बलियापुर रोड में आंधी के कारण कई पेड़ गिर गये. एलसी रोड में एक कार पर पेड़ गिरने से कार क्षतिग्रस्त हो गयी, वहीं उसमें बैठे चार लोग फंस गये. संयोग से कोई हताहत नहीं हुआ, सभी बाल-बाल बच गये. सूचना मिलने पर पहुंची नगर निगम की टीम ने बचाव कार्य शुरू किया कार में फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला. वहीं सड़क पर गिरे पेड़ के मलबे को हटाया गया. इस दौरान लगभग एक घंटे तक एलसी रोड जाम रहा.
आधा दर्जन इलाकों में टूटे तार, बिजली के उपकरणों में आयी खराबी
आंधी के कारण शहर के लगभग आधा दर्जन जगहों पर बिजली के तार टूट गए. सरायढेला, मेमको, एलसी रोड, बलियापुर रोड, सुगियाडीह आदि जगहों पर तार टूटने से बिजली सेवा बुरी तरह प्रभावित हुई. वहीं 20 से ज्यादा जगहों पर बिजली के तारों पर पेड़ों की डाल टूटकर गिर गये. इसके अलावा डीवीसी के अलग-अलग ग्रिड की ट्रांसमिशन लाइन में भी खराबी आने से शहर के विभिन्न इलाकों में देर रात तक ब्लैक आउट की स्थिति बनी रही. जेबीवीएनएल के अधिकारियों के अनुसार रात 10 बजे डीवीसी की ओर से उनके विभिन्न ग्रिड के ट्रांसमिशन लाइन में आयी खराबी को दुरुस्त कर जेबीवीएनएल के सबस्टेशनों में बिजली आपूर्ति शुरू की गयी. वहीं, आंधी में शहर के अलग-अलग जगहों पर आयी खराबी को दूर कर देर रात तक कई इलाकों में बिजली सेवा बहाल की गयी.
लोकल फॉल्ट को देर रात तक किया गया दुरुस्त
शहर के लिपिडीह काली मंदिर रोड, कुसुम विहार, हंस विहार कॉलोनी के पीछे का इलाका, प्रेम नगर, माडा कॉलोनी, नावाडीह पाल नगर, वासेपुर, नया बाजार, बैंक मोड़, मनईटांड़, लोहार कुल्ही आदि समेत कई इलाकों में शुक्रवार को भी लोकल फॉल्ट आने की शिकायतें जेबीवीएनएल के कॉल सेंटर में दर्ज की गयी. हालांकि, देर रात तक बिजली कर्मियों ने शहर में आयी खराबी को दुरुस्त किया. इस कारण कई इलाकों में शुक्रवार देर रात तक बिजली बहाल हुई.
आशीष कुमार प्रिंट माध्यम में 16 और डिजिटल माध्यम में पिछले 5 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. सामाजिक सरोकार, शिक्षा, अनुसंधान, राजनीति, कला-संस्कृति व सिनेमा में रुचि रखते हैं.