धनबाद : शहर में दिनदहाड़े पांच लाख की छिनतई

दो अपराधियों ने दिया घटना को अंजाम अमर/मृणाल गिरिडीह : शहरी क्षेत्र में अपराधियों का मनोबल बढ़ गया है. कालीबाड़ी चौक पर स्थित संजय स्टोर के कर्मी से दिन दहाड़े पांच लाख रूपये की छिनतई हो गयी. छिनतई की इस घटना को अंजाम देने में दो अपराधी शामिल थे. छिनतई की यह घटना जेपी चौक […]

दो अपराधियों ने दिया घटना को अंजाम

अमर/मृणाल

गिरिडीह : शहरी क्षेत्र में अपराधियों का मनोबल बढ़ गया है. कालीबाड़ी चौक पर स्थित संजय स्टोर के कर्मी से दिन दहाड़े पांच लाख रूपये की छिनतई हो गयी. छिनतई की इस घटना को अंजाम देने में दो अपराधी शामिल थे. छिनतई की यह घटना जेपी चौक की है. बताया जाता है कि संजय स्टोर का कर्मी दिलीप सिंह सुबह में पैसा निकालने के लिए एक्सिस बैंक गया हुआ था. बैंक से पैसा निकालने के बाद वह साईकिल पर पैसे भरा बैग टांगकर वापस दुकान आ रहा था. सुबह 10.40 में दिलीप सिंह साईकिल से पंच मंदिर के पास पहुंचा. इसी दौरान बाईक पर सवार दो युवक दिनेश से पांच लाख रूपये छीनकर फरार हो गये.

साईकिल का चेन उतरने की बतायी बात

घटना के संबंध में दिलीप सिंह ने बताया कि साईकिल से कालीबाडी स्थित संजय स्टोर वापस लौट रहा था. अचानक उसकी साईकिल का चेन पंच मंदिर के पास उतर गया. दिनेश साईकिल का चेन लगाने के लिए साईकिल से उतरा और चेन लगा ही रहा था कि पीछे से आ रहे बाईक सवार उसके साईकिल के पास पहुंचे और उसके साईकिल में लगे थैले को लेकर भाग खड़े हुए. घटना के बाद दिलीप ने आनन-फानन में अपने मालिक संजय जैन को इसकी सूचना देने की कोशिश की लेकिन बीएसएनल सेवा बाधित रहने के कारण वह अपने मालिक से संपर्क नहीं कर पाया. जिसके बाद वह अपने साईकिल से तुरंत कालीबाड़ी स्थित अपने दुकान पहुंचा और घटना की सूचना अपने मालिक संजय जैन को दिया. इसके बाद संजय जैन ने तुरंत नगर थाना पुलिस को इस मामले की सूचना दी

जांच को पहुंचे डीएसपी

घटना की सूचना मिलने के बाद नगर थाना में लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी. मामले की जांच करने के लिए पुलिस ने तुरंत ही शहरी क्षेत्र के नटराज के समीप लगे सीसीटीवी कैमरे को खंगालना शुरू कर दिया. काफी देर तक जांच करने के बाद जब पुलिस के हाथ कोई सुराग नहीं लगा तो पुलिस ने शहरी क्षेत्र में गश्ती शुरू कर दी. जगह-जगह बाइक चेकिंग किया जाने लगा. डीएसपी विजय आशिष कुजूर, नगर थाना प्रभारी बीरेंद्र राम फौरन घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की अनुसंधान शुरू कर दी. इस दौरान डीएसपी विजय आशिष कुजूर ने घटनास्थल पर पहुंच कर कर्मी से पूरी जानकारी ली. शहर के बीचोंबीच हुई इस लूट की घटना के बाद स्थानीय लोगों में भय का माहौल है. घटना स्थल पर पहुंचकर नगर परिषद उपाध्यक्ष राकेश मोदी, संजय सिंह समेत काफी संख्या में लोग पहुंचे और मामले की पूरी जानकारी ली.

संदेह के घेरे में कर्मी

पांच लाख रूपये की छिनतई होने के बाद जिस तरह से कर्मी का व्यवहार और बयान रहा है, उससे कर्मी भी संदेह के घेरे में हैं. स्थानीय लोग व पुलिस प्रशासन का कहना है कि किसी व्यक्ति का अगर कोई अपराधी पांच लाख रूपये छीन लेता है और कर्मी बिना हो-हल्ला किये बगैर इसकी सूचना मालिक को दुकान पर जा कर देता है तो इससे कहीं न कहीं कर्मी भी संदेह के घेरे में हैं. वहीं दिलीप द्वारा इस मामले में पुलिस के समक्ष अलग-अलग बयान दिया जा रहा है. कभी वह साईकिल खराब होने के बाद चेन लगाने के क्रम में घटना घटित होने की बात कह रहा है तो कभी उसके द्वारा यह कहा जा रहा है कि पंच मंदिर के पास जिस स्थान पर उसकी साईकिल खराब हुई वहां पर कुछ दस रूपये का नोट गिरा हुआ था. कर्मी साईकिल पर रखे रूपये की परवाह किये बिना पैसे उठाने में लग गया. इतने में ही उसकी रैकी कर रहे अपराधियों ने उसके साईकिल पर रखे थैले लेकर फरार हो गये. प्रत्यक्षदर्शियों की मानें तो बाईक सवार अपराधियों ने रूपये से भरे थैले को लेकर काफी तेज गति से मकतपुर होते हुए भागा है.

जल्द पकड़े जायेंगे अपराधी : थाना प्रभारी

इस घटना के बाबत नगर थाना प्रभारी बिरेंद्र राम ने कहा कि कर्मी को चकमा देकर छिनतई की घटना हुई है. घटना में शामिल अपराधियों को खोजा जा रहा है. संजय स्टोर के कर्मी से भी पूछताछ की जायेगी. सीसीटीवी को भी खंगाला जा रहा है. उन्होंने कहा कि जल्द ही अपराधी पकड़े जायेंगे.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >