धनबाद : वार्ड 32 के विकास नगर इलाके में एक साथ करीब 15 सूअर मृत मिलने से हड़कंप मच गया. अचानक बड़ी संख्या में सूअरों की मौत से स्थानीय लोगों में चिंता बढ़ गयी है. लोगों को स्वाइन फ्लू या किसी अन्य संक्रामक बीमारी की आशंका सता रही है. हालांकि, अब तक किसी बीमारी की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है.
प्रशासन और पशु चिकित्सा विभाग को दी गयी सूचना
मामले की जानकारी मिलने पर स्थानीय पार्षद रश्मि राज सफाई कर्मियों के साथ मौके पर पहुंचे. उन्होंने मृत सूअरों को हटाने का काम शुरू कराया. साथ ही प्रशासन और पशु चिकित्सा विभाग को भी घटना की सूचना दी गयी है.
ये भी पढ़ें: धनबाद में आवारा कुत्तों के हमले में घायल 5 साल की बच्ची की मौत, वजह अभी स्पष्ट नहीं
स्थानीय लोगों के अनुसार, एक साथ इतने सूअरों के मृत मिलने से इलाके में डर का माहौल है. वहीं, मृत सूअरों के आसपास फैली गंदगी और दुर्गंध से भी लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. अब लोगों को पशु चिकित्सा विभाग की जांच और रिपोर्ट का इंतजार है, जिससे सूअरों की मौत के वास्तविक कारण का पता चल सके.
