दंडाधिकारी के नेतृत्व में पुलिस बल तैनात
आपात स्थिति में 2311217, 100 पर दें सूचना
धनबाद : दुर्गोत्सव को लेकर प्रशासनिक तैयारी पूरी हो गयी है. जिला नियंत्रण कक्ष चार अक्तूबर से काम करना शुरू करेगा, जो नौ अक्तूबर तक कार्यरत रहेगा. साथ ही संवेदनशील स्थानों पर दंडाधिकारी के नेतृत्व में सशस्त्र पुलिस बल की तैनाती रहेगी. पूरे जिला को सुरक्षा के दृष्टिकोण से सात जोन में बांटा गया है.
गुरुवार को जारी संयुक्तादेश में तैनात अधिकारियों को समय पर गंतव्य स्थल पर पहुंचने को कहा गया है. अपर जिला दंडाधिकारी (विधि व्यवस्था) अनिल कुमार एवं अनुमंडल पदाधिकारी राज महेश्वरम को जिला नियंत्रण कक्ष का वरीय प्रभारी बनाया गया है.
आपात स्थिति या कहीं किसी तरह की अफवाह की सूचना जिला नियंत्रण कक्ष पर दूरभाष संख्या 0326-2311217, 100 एवं 2311807 पर दी जा सकती है. जिला नियंत्रण कक्ष में पुलिस पदाधिकारियों के वरीय प्रभार में सीसीआर डीएसपी जगदीश प्रसाद एवं डीएसपी टू गोपाल कालुंडिया रहेंगे.
किनकी कहां तैनाती : दुर्गा पूजा में सुरक्षा को लेकर धनबाद जिला को सात जोन में बांटा गया है. एनआरइपी निदेशक इंदु रानी तथा डीएसपी (विधि-व्यवस्था) मुकेश कुमार को धनबाद जोन, एडीएम (आपूर्ति) संदीप कुमार दोराईबुरु एवं बाघमारा के सीडीपीओ मनोज कुमार को कतरास-बाघमारा जोन, डीआरडीए के निदेशक संजय कुमार भगत एवं पुलिस निरीक्षक तोपचांची ओम प्रकाश शुक्ला को गोमो-तोपचांची जोन, भूमि सुधार उप समाहर्ता सतीश चंद्र एवं निरसा के एसडीपीओ विजय कुमार कुशवाहा को निरसा-चिरकुंडा जोन, डीएसओ भोगेंद्र ठाकुर एवं सिंदरी डीएसपी को झरिया-जोड़ापोखर जोन, उप नगर आयुक्त राजेश राजेश सिंह तथा डीएसपी वन सरिता मुर्मू को गोविंदपुर, बरवाअड्डा जोन, सहायक निदेशक नियोजनालय अक्षय कुमार सिंह तथा डीएसपी टू गोपाल कालुंडिया को टुंडी जोन का वरीय प्रभारी बनाया गया है.
22 थाना क्षेत्रों पर रहेगी विशेष नजर
धनबाद : दुर्गा पूजा को लेकर जिले के 22 थाना क्षेत्रों में विशेष निगरानी करने का आदेश जारी किया गया है. धनबाद, बैंक मोड़, सरायढेला, धनसार, केंदुआडीह, लोयाबाद, जोगता, पुटकी, झरिया, जोड़ापोखर, तीसरा, सिंदरी, निरसा, चिरकुंडा, गोविंदपुर, बरवाअड्डा, टुंडी, बाघमारा, महुदा, तोपचांची, हरिहरपुर व कतरास थाना क्षेत्र में विशेष निगरानी रहेगी.
