योजना : अगले माह निकलेगा स्मार्ट रोड का टेंडर, प्रति किलोमीटर खर्च होंगे 4-5 करोड़ रुपये
मार्च तक 3000 करोड़ की योजना पर होगा काम
सिवरेज एंड ड्रेनेज सिस्टम, अंडर ग्राउंड होंगे बिजली के तार, जलापूर्ति पाइप, टेलीफोन तार
धनबाद :मार्च 2020 तक नगर निगम विकास योजना पर 3000 करोड़ रुपया खर्च करेगा. कुछ का टेंडर निकल चुका है तो कुछ पाइप लाइन में है. मंगलवार को मेयर चंद्रशेखर अग्रवाल ने बताया कि एक हजार करोड़ रुपये की स्मार्ट सड़क बनेगी. इसके अलावा जलापूर्ति पर एक हजार करोड़ व सड़क, नाली, पार्क व लाइट पर एक हजार करोड़ रुपये खर्च किये जायेंगे. मेयर ने बताया कि स्मार्ट सड़क के लिए डीपीआर तैयार कर लिया गया है. अगले माह इसका टेंडर निकलेगा.
स्मार्ट रोड में नाली, सिवरेज, बिजली व टेलीफोन लाइन से लेकर वाटर सप्लाई की पाइप लाइन सबकुछ सड़क के नीचे रहेगी. फर्स्ट फेज में एक सौ किमी स्मार्ट सड़क बनाने का प्रस्ताव है. एक किमी पर चार से पांच करोड़ रुपये खर्च आयेगा. स्मार्ट सड़क 20 फीट चौड़ी होगी. छह से सात लेयर में रोड को विकसित किया जायेगा. रोड में कुछ-कुछ दूरी पर चैंबर होगा, जिससे नाली की सफाई व टेलीफोन और बिजली के फाल्ट दूर किये जा सकेंगे.
लोको टैंक व पंपू तालाब के सौंदर्यीकरण पर 35 करोड़ होंगे खर्च : मेयर श्री अग्रवाल ने बताया कि 14वें वित्त आयोग के फंड से लोको टैंक व पंपू तालाब का सौंदर्यीकरण किया जायेगा. दोनों तालाबों पर 35 करोड़ का प्राक्कलन तैयार किया गया है. अगले माह इसका टेंडर निकाला जायेगा. 14वें वित्त आयोग के फंड से और दो सौ करोड़ रुपये का फंड मांगा गया है.
लोको टैंक व पंपू तालाब के अलावा अन्य दस तालाबों का सौंदर्यीकरण किया जायेगा. सड़क, नाली व पानी पर भी 14वें वित्त आयोग का फंड खर्च किया जायेगा. अगले माह सिवरेज एंड ड्रेनेज का 400 करोड़, जलापूर्ति का 600 करोड़ व एक हजार करोड़ का स्मार्ट रोड का टेंडर होगा.
