रांगाटांड़ के लोगों ने मेयर से की फरियाद
धनबाद :रांगाटांड़ रेलवे कॉलोनी के लोग मंगलवार को मेयर चंद्रशेखर अग्रवाल से फरियाद करने नगर निगम कार्यालय पहुंचे. उनका कहना है कि रेल प्रशासन अतिक्रमण हटाओ अभियान के तहत उन्हें हटा रहा है. लेकिन बरसात के मौसम में वे कहां जायें. इसलिए उन्हें रेलवे से छह महीने की मोहलत दिलायी जाये.
मेयर ने मामले में डीआरएम से वार्ता कर सकारात्मक पहल का आश्वासन दिया. उन्होंने कहा कि सरकार की ओर से सबको आवास देने की योजना है. प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत 2022 तक सभी बेघर को घर उपलब्ध कराना है. धनबाद नगर निगम क्षेत्र में रहनेवाले लोगों को पक्का आवास देने के लिए हम कृत संकल्पित है.
लेकिन गैर आबाद जमीन का अभाव है, जिसके कारण जमीन मिलने में परेशानी हो रही है. जमीन उपलब्ध कराने के लिए सरकार से आग्रह किया गया है. जैसे ही सरकार निगम को जमीन उपलब्ध कराती है. लोगों को घर मुहैया कराने की प्रक्रिया प्रारंभ कर दी जायेगी.
