फिल्म की शूटिंग के बहाने लोहारुका हाउस में घुसे थे अपराधी
धनबाद : तीन अप्रैल को एलसी रोड में कोल कारोबारी आलोक जैन के घर हुई डकैती के दो दिन बाद धैया स्थित लोहारुका हाउस में कुछ संदिग्ध घुसे थे. प्रियंक लोहारुका ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि पांच अप्रैल को फोर व्हीलर (डब्ल्यूबी 22 बीबी 9892) गाड़ी से आठ से दस लोग आये और कहने […]
धनबाद : तीन अप्रैल को एलसी रोड में कोल कारोबारी आलोक जैन के घर हुई डकैती के दो दिन बाद धैया स्थित लोहारुका हाउस में कुछ संदिग्ध घुसे थे. प्रियंक लोहारुका ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि पांच अप्रैल को फोर व्हीलर (डब्ल्यूबी 22 बीबी 9892) गाड़ी से आठ से दस लोग आये और कहने लगे कि यहां फिल्म की शूटिंग करना चाहते हैं. जब मैंने आधार कार्ड मांगा तो एस बोस के नाम से एक व्यक्ति ने आधार कार्ड दिया. उसमें अंदुल हौरा, वेस्ट बंगाल का पता था.
आधार कार्ड में जिस व्यक्ति का फोटो था, वह जैन बंधु के घर में हुई डकैती के चार दिन बाद जारी स्केच से मिलता-जुलता है. मैंने जैसे ही आधार की साइट में नंबर का स्कैन करने की प्रक्रिया शुरू की. मौका देख कर सभी भाग गये. घर के पास में तुलस्यान जी के घर के लोग हो-हल्ला करने लगे. हो-हल्ला सुनते ही सभी भाग गये. पुलिस को मौखिक शिकायत की गयी और घटना की जानकारी भी दी गयी है.
आधार कार्ड निकला फर्जी : श्री लोहारुका ने कहा कि जो कार्ड दिया गया था, वह आधार कार्ड की तरह था. फोटो व आधार नंबर भी था. जब उसका स्कैन किया गया तो आधार साइट में आधार का नंबर नहीं ले रहा था. आधार कार्ड फर्जी निकला.
जैन बंधु के घर डकैती मामले में फोर व्हीलर की तलाश कर रही पुलिस : आलोक जैन घर हुई डकैती मामले में सीसीटीवी में पुलिस को एक संदिग्ध चार पहिया वाहन भी दिखा है.
पुलिस के अनुसार वह गाड़ी स्विफ्ट है. हालांकि अंधेरा होने की वजह से गाड़ी का नंबर पुलिस के पास नहीं है. पुलिस इस मामले में प. बंगाल में भी जांच कर रही है. लोहारुका हाउस में डकैती के प्रयास में भी स्विफ्ट कार में बंगाल का ही नंबर है. जो आधार कार्ड दिया है, उसमें भी बंगाल का पता है. हालांकि पुलिस इस मामले में कहीं पहुंच नहीं पायी है.