धनबाद : धनबाद रेलवे स्टेशन पर गुरुवार को हाजीपुर रेल विजिलेंस की टीम ने छापामारी की, जिसमें कई तरह की गड़बड़ी पायी गयी. टीम ने सबसे पहले दिल्ली से धनबाद के रास्ते जाने वाली बंगाल संपर्क क्रांति एक्सप्रेस संख्या 12330 से उतरे पार्सल की जांच की. विजिलेंस के अधिकारियों ने उस पार्सल व उसके चालान को जांचा तो पाया कि पांच क्विंटल के स्थान पर 20 क्विंटल माल आया है.
ट्रेन खुलने के कारण उसकी पूरी जांच नहीं हो पायी. विजिलेंस की टीम ने सियालदह में भी उसकी पूरी जांच की. समाचार लिखे जाने तक सियालदह में जांच जारी है.
ट्रेन चालक की सूचना पर हुई कार्रवाई : रेल सूत्रों ने बताया कि नयी दिल्ली से ट्रेन खुलने के बाद संपर्क क्रांति एक्सप्रेस के चालक को लगा कि एसएलआर बोगी में ज्यादा माल है और ट्रेन परिचालन में थोड़ी परेशानी हो रही है. चालक ने तुरंत इसकी जानकारी रेल अधिकारियों को दी और उसी को लेकर हाजीपुर विजिलेंस टीम को जांचने का जिम्मा सौंपा गया. ट्रेन धनबाद आयी तो जांच की गयी.
हाइजैक हुआ पार्सल
धनबाद पार्सल विभाग को बाहरी लोगों ने हाइजैक कर लिया है. कई लीज होल्डर दिन भर पार्सल कार्यालय के बाहर मंडराते रहते हैं. यदि आम लोगों को भी ट्रेन से अपना सामान भेजना रहता है तो लीज होल्डर उसे बाहर ही घेर लेते हैं और उसे समझा बुझा कर अपने लीज पर माल भेजते हैं. ज्यादा राशि भी लेते हैं. रेल सूत्रों ने बताया कि दिल्ली से आने वाली ट्रेन की एसएलआर बोगी में एक लीज होल्डर के साथ हमेशा गड़बड़ी की जाती है.
क्या मिली गड़बड़ी
पार्सल का लीज होल्डर धनबाद का है. उसके पार्सल कागजात के अनुसार उसनेे 18 पॉकेट में 500 किलो सामान था. लेकिन जब जांच की गयी तो 30 पॉकेट में 3300 किलो सामान मिला.
कटघर स्टेशन पर एनआइ वर्क के कारण ट्रेनों का परिचालन रद्द
धनबाद. मुरादाबाद मंडल के लखनऊ–मुरादाबाद रेल खंड के कटघर रेलवे स्टेशन पर एनआई वर्क के कारण ट्रेनों का परिचालन रद्द किया गया है. इस दौरान 13 एवं 14 दिसंबर को हावड़ा से खुलने वाली गाड़ी संख्या 13009 हावड़ा–देहरादून दून एक्सप्रेस, 15 एवं 16 दिसंबर को देहरादून से खुलने वाली गाड़ी संख्या 13010 देहरादून– हावड़ा दून एक्सप्रेस, 13 एवं 14 दिसंबर को धनबाद से खुलने वाली गाड़ी संख्या 13307 धनबाद–फिरोजपुर गंगा सतलज एक्सप्रेस, 15 एवं 16 दिसंबर को फिरोजपुर से खुलने वाली गाड़ी संख्या 13308 फिरोजपुर–धनबाद गंगा सतलज एक्सप्रेस को रद्द किया गया.
आज दून एक्सप्रेस सहित तीन ट्रेनें रद्द रहेंगी : कोहरे के कारण धनबाद आने वाली तीन ट्रेनें शुक्रवार को रद्द रहेंगी. इनमें 13009 देहरादून एक्सप्रेस, 12988 अजमेर सियालदह एक्सप्रेस व 12365 पटना रांची शताब्दी एक्सप्रेस शामिल हैं. वहीं गुरुवार को कई ट्रेनों को रि शिड्यूल किया गया है. इसमें 12260 सियालदह दूरंतो एक्सप्रेस नयी दिल्ली से 1.10 घंटा लेट 20.50 बजे खुली, 12302 कोलकाता राजधानी नयी दिल्ली से 1.05 घंटा लेट 18.00 बजे खुली, 12311 कालका मेल हावड़ा से 1.20 घंटा लेट 21.00 बजे खुली व 12314 सियलादह राजधानी एक्सप्रेस 1.55 घंटा लेट 18.20 में खुली.
अब इसीआर में चलेगी कतारबद्ध मालगाड़ी
धनबाद. भारतीय रेल द्वारा मेल/ एक्सप्रेस ट्रेनों के समय-पालन में सुधार एवं अतिरिक्त परिचालन क्षमता बनाकर अधिक से अधिक मेल/एक्सप्रेस ट्रेनों के परिचालन के लिए कतारबद्ध माल गाड़ियों का परिचालन करने के उपाय को इसीआर में शुरू किया गया है.
इस पद्धति से परिचालन का बड़ा लाभ यह होता है कि माल गाड़ियों की औसत गति अधिक होती है तथा एक निश्चित अवधि में अपेक्षाकृत अधिक संख्या में माल गाड़ियों का परिचालन हो जाता है.
परिणामस्वरूप मेल एक्सप्रेस ट्रेनों के समय पालन में भी सुधार होता है. 12 दिसंबर को पूर्व मध्य रेल और उत्तर मध्य रेल के बीच कतारबद्ध माल गाड़ियों का परिचालन कर डाउन दिशा में 44 तथा अप दिशा में 41 माल गाड़ियां चलायी गयी.
