धनबाद : वन विभाग की ओर से गादी टुंडी नर्सरी में महुआ से तेल निकालने का संयत्र लगाया जायेगा. डीएफओ विमल लकड़ा ने बताया कि ‘लघु वन पदार्थ का उन्नयन’ योजना के तहत इसका उद्घाटन 11 दिसंबर को मुख्यमंत्री रघुवर दास ऑन लाइन करेंगे. इसी दिन वन विभाग की अन्य दो स्कीम के तहत भी विभिन्न प्रोजेक्ट का उद्घाटन किया जायेगा.
धनबाद वन प्रमंडल में ट्री बॉर्न ऑयल सील प्रोसेसिंग स्कीम के तहत गादी टुंडी की नर्सरी में यह संयंत्र लगाया जायेगा. विदित हो कि उक्त योजना के तहत लाह प्रोसेसिंग यूनिट व फॉरेस्ट नट प्रोसेसिंग यूनिट का भी उद्घाटन किया जायेगा. डीएफओ ने बताया कि गादी टुंडी सहित आसपास के इलाके में बड़ी संख्या में महुआ के वृक्ष हैं.
इस योजना से स्थानीय ग्रामीणों को काफी लाभ होगा. विभाग उक्त संयत्र लगाने के साथ-साथ सीड मनी उपलब्ध करायेगा. संयंत्र का संचालन स्थानीय ग्राम समिति के मार्फत होगी.
