अभय कुमार, धनबाद : धनबाद के नये पुलिस कप्तान किशोर कौशल ने कहा है कि धनबाद को अपराधमुक्त बनाना व सरकार तथा विभाग के टास्क को पूरा करना उनकी पहली प्राथमिकता होगी. प्रभात खबर से दूरभाष पर बातचीत में उन्होंने कहा कि वह धनबाद में पदभार ग्रहण करने के बाद पहले वस्तुस्थिति से अवगत होंगे.
किशोर कौशल ने कहा कि धनबाद में सभी तरह के अपराध पर लगाम लगायी जायेगी. संगठित अपराध हो या आर्थिक अपराध, रोक लगाने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाये जायेंगे. धनबाद की जनता के लिए उनका दरवाजा हमेशा खुला रहेगा. पुलिस-पब्लिक संबंध मजबूत होंगे. पुलिस के काम में जनता का सहयोग जरूरी है. वह जनसहयोग लेते रहे हैं. सफल पुलिसिंग जनसहयोग से ही संभव है.
राजकमल से की है 12 वीं तक की पढ़ाई
नये एसएसपी किशोर कौशल की 12 वीं तक की पढ़ाई धनबाद राजकमल से हुई है. उन्होंने दिल्ली के किरोड़ीमल कॉलेज से इतिहास में स्नातक किया. वह कॉलेज टॉपर रहे. स्नातक करने के बाद उन्होंने आइआइएमसी से पत्रकारिता की पढ़ाई की. न्यूज ऐजेंसी यूनीवार्ता में नौकरी की. छह माह बाद पत्रकारिता छोड़ सिविल सर्विसेज परीक्षा की तैयारी में जुट गये. वर्ष 2009 में बीपीएससी में सफलता प्राप्त कर बिहार में उत्पाद विभाग में योगदान दिया.
इसी साल उन्हें यूपीएससी में सफलता प्राप्त की, जहां से उन्हें दिल्ली अंडमान एंड निकोबार आइलैंड सर्विस मिली. उन्होंने डैनिक्स में ज्वाइन कर लिया. वर्ष 2010 में यूपीएससी से भारतीय डाक सेवा के लिए चयनित हुए. वर्ष 2011 में यूपीएससी की परीक्षा में बैठे और सफलता के बाद उन्हें आइपीएस मिला. चतरा में ट्रेनिंग के बाद पहली पोस्टिंग पाकुड़ (एसडीपीओ) एएसपी के रूप में हुई.
