धनबाद : धनबाद-गोविंदपुर मुख्य मार्ग पर मोटरसाइकिल चेकिंग के दौरान महिला जमादार ममता कुमारी के हाथों पकड़े गये स्थानीय भाजपा नेता के बेटे और भतीजे को 27 घंटे तक चले हाइ वोल्टेज ड्रामे के बाद शुक्रवार की शाम सात बजे सरायढेला थाना से निजी मुचलके पर छोड़ दिया गया. पैरवी पर छोड़े जाने के खिलाफ नौकरी से इस्तीफा और आत्महत्या की महिला जमादार की धमकी को पुलिस विभाग ने नजरअंदाज कर दिया.
हालांकि दोनों युवकों की रिहाई के तुरंत बाद जमादार ममता ने नौकरी से इस्तीफा संबंधी पत्र एसएसपी को लिखा है. लेकिन इस पर क्या कार्रवाई हुई है, यह सस्पेंस बना हुआ है. एसएसपी कॉल रिसीव नहीं कर रहे थे. गुरुवार को अपराह्न साढ़े तीन बजे भाजपा मनईटांड़ मंडल अध्यक्ष दिलीप सिंह के पुत्र सूरज व भतीजे रवि को वाहन चेकिंग के दौरान गिरफ्तार किया गया था.
महिला जमादार की शिकायत पर प्राथमिकी दर्ज : महिला जमादार ममता कुमारी की शिकायत पर सरायढेला थाना में भाजपा नेता दिलीप कुमार सिंह, उनके पुत्र सूरज कुमार व भतीजा रवि कुमार समेत अन्य अज्ञात पांच-छह के खिलाफ कंड संख्या 263-18 में भादवि की धारा 341, 353, 354, 504, 506, 509 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गयी.
अनुसंधानकर्ता जमादार सुरेश बिरुली को बनाया गया. इनलोगों के खिलाफ लज्जा भंग करने के उद्देश्य से महिला पुलिस पदाधिकारी का हाथ खींचने, अश्लील भाषा का प्रयोग करने, गाली-गलौज करने, धक्का-मुक्की करने व गोली मारने की धमकी देने व सरकारी काम में बाधा डालने का आरोप है. अधिकांश धारा गैर जमानतीय है. इसके बावजूद थाने से निजी मुचलके पर छोड़े को लेकर कई सवाल उठ रहे हैं.
मीडिया से बात करते हुए ममता कुमारी ने कहा कि उन पर सरायढेला थानेदार ने लगातार सुलह करने का दबाव बनाया, लेकिन वह तैयार नहीं हुईं. उन्हें बताया गया कि डीआइजी साहब का दबाव है. महिला पुलिसकर्मी ने कहा कि सरकार एक ओर बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ का स्लोगन दे रही है और दूसरी ओर महिला के सम्मान से खिलवाड़ किया जा रहा है.
सरायढेला की महिला जमादार का त्यागपत्र
दोनों युवकों को थाना से छोड़े जाने के विरोध में जमादार ममता कुमारी ने जो त्याग पत्र लिखा है उसे हू-ब-हू दिया जा रहा है.
श्रीमान वरीय पुलिस अधीक्षक, धनबाद
विषय : नौकरी से बर्खास्तगी के संबंध में
मैं महिला सअनि वर्तमान में सरायढेला थाना में पदस्थापित हूं. जामातड़ा जिला की रहने वाली हूं. मैं लिखित आवेदन दे रही हूं कि 16 नवंबर से नौकरी में नहीं रहूंगी. कारण यह है कि वितंतु संवाद संख्या 596-गोपनीय के द्वारा पारित आदेश के आलोक में सरायढेला थाना मोड़ में 15.00 बजे वाहन चेकिंग कर रही थी. इसी दौरान करीब 15.20 बजे मोटरसाइकिल संख्या जेएच10 बीएफ-5122 एवेंजर जिसके आगे-पीछे प्लेट पर पंजीकृत संख्या के बदले बीजेपी पार्टी का सिंबल व कलर लगा हुआ था. मोटरसाइकिल चालक बिना हेलमेट पहने ही परविहगन कर रहे थे. रोकने का संकेत देने पर कुछ दूर बढ़कर मोटरसाइकिल रोके, तथा बोले कि देखती नहीं हो मोटरसाइकिल पर क्या लिखा हुआ है. तुम्हारी हिम्मत कैसे हो गयी. वह फोन कर 10-12 आदमी को बुला लिया. वे लोग धमकी देने लगे कि तुम्हारा वरदी उतरवा देंगे. मैं अपने वरीय पदाधिकारियों को फोन करके तथा थाना से कर्मियों को बुलाकर दो को पकड़ थाना ले गयी. थाना में प्राथमिकी दर्ज की गयी. प्राथमिकी का नंबर 263-2018 .15.11.18 धारा 341, 353, 354, 506, 504, 509 , 34 भादवि दर्ज की गयी. पकड़े गये दोनों अभियुक्त सूरज व रवि को पीआर बांड पर छोड़ दिया गया. यह एक महिला अफसर के साथ नाइंसाफी है. अत: श्रीमान से अनुरोध है कि प्रतिष्ठा का हनन करते हुए मैं नौकरी करना पसंद नहीं करती हूं.
आपका विश्वासी
ममता कुमारी, सअनि
16.11.2018
