वैट वृद्धि के खिलाफ झारखंड पेट्रोलियम डीलर एसोसिएशन की सांकेतिक हड़ताल
धनबाद : मूल्य वर्द्धित कर (वैट) 22 प्रतिशत से कम करने की मांग को लेकर झारखंड पेट्रोलियम डीलर एसोसिएशन सोमवार को सांकेतिक हड़ताल करेगा. राज्य के सभी 1100 पेट्रोल पंप सुबह छह से लेकर शाम छह बजे तक 12 घंटे बंद रहेंगे. शनिवार को एसोसिएशन अध्यक्ष अशोक सिंह व महासचिव शरत दुदानी ने ग्रीन व्यू में आयोजित प्रेस कांफ्रेंस में यह जानकारी दी. उन्होंने बताया कि वैट में वृद्धि दिन पर दिन बढ़ रही है. डॉलर के मुकाबले रुपये में आयी गिरावट के कारण पेट्रोलियम की कीमत लगातार बढ़ रही है. कुछ राज्यों ने वैट में कटौती कर आम जनता को राहत देने का काम किया है. बंगाल में एक रुपये लीटर डीजल में रियायत दी गयी है. लिहाजा बंगाल से तीन रुपया व यूपी से पांच रुपया प्रति लीटर डीजल झारखंड में महंगा मिल रहा है.
वैट के कारण लगातार बिक्री प्रभावित हो रही है. 17 सितंबर को मुख्यमंत्री से मिलने के लिए समय मांगा गया, लेकिन आज तक सरकार की ओर से पहल नहीं की गयी. लिहाजा एक दिन की सांकेतिक हड़ताल पर जाने का निर्णय लिया गया. इसके बाद भी सरकार पहल नहीं करती है तो आगे अनिश्चितकालीन बंदी पर लाने को बाध्य होना पड़ेगा. प्रेस कांफ्रेंस में माधव सिंह, संजीव राणा, कमल सिंह, प्राण सिंह आदि पदाधिकारी उपस्थित थे.
पेट्रोल पंपों में उपभोक्ताओं को बांटे गये पंपलेट : आंदोलन को लेकर शनिवार को पेट्रोल पंपों में पंपलेट बांटा गया. लोगों को वैट में वृद्धि से कितना पैसा अतिरिक्त दिया जा रहा है, इसकी जानकारी दी गयी. जनता को बताया गया कि पिछले तीन साल में सरकार ने टैक्स के रूप में पेट्रोल में 6.23 रुपया प्रति लीटर एवं डीजल पर 7.02 रुपया प्रति लीटर अतिरिक्त वृद्धि की है. अन्य राज्यों की तरह झारखंड में भी वैट कम होता है तो आम जनता को राहत मिलेगी.
