धनबाद : डीवीसी के आगे जनता, नेता, अफसर सब बेबस हैं. लगातार लोड शेेडिंग हो रही है. संडे हो या मंडे, तीज हो या कोई अन्य त्योहार, डीवीसी कोई मुरव्वत नहीं कर रहा. तीज में बिजली संकट ने महिलाओं को रुलाया. अब विश्वकर्मा पूजा की पूर्व संध्या से देर रात तक लोड शेडिंग की गयी. इससे पूजा की तैयारियों में बाधा आयी.
रविवार को शाम 7:00 बजे से 11:00 बजे रात तक डीवीसी ने लोड शेडिंग की. इसमें डीवीसी के गोधर वन, गोधर टू, गणेशपुर वन, गणेशपुर टू और पाथरडीह फीडर शामिल है. इस कारण बैंक मोड़, मनईटांड़, हीरापुर, धैया, बरटांड़, सरायढेला, वासेपुर आदि क्षेत्रों में बिजली गुल रही. इन दिनोें बारिश नहीं होने से गर्मी बढ़ गयी है. मच्छरों का प्रकोप भी बढ़ गया है. लोग परेशान हैं.
दिन-रात कट रही बिजली : सरायढेला में शनिवार को रात भर लोग बिजली के लिए तरसते रहे. डीवीसी ने पांच घंटे लोड शेडिंग की. शाम से 7:00 से 8:00 बजे, रात को 10:00 से 12:00 बजे और 2:00 से सुबह 4:00 बजे तक बिजली गुल रही. वहीं रविवार को दिन में भी बिजली आती-जाती रही. सुबह 9:00 बजे बिजली कटने के बाद 9:45 में आयी. 11:45 में कटी तो 12:45 बजे आयी. अपराह्न 2:00 बजे कटी और 3:00 बजे आयी उसके बाद शाम को 5:00 बजे बिजली कटी और शाम 6:00 बजे आयी. वहीं शहर के दूसरे क्षेत्रों में सुबह 5:00 बजे से 7:00 बजे तक डीवीसी ने लोड शेडिंग की.
बैंक मोड़ क्षेत्र में कटी छह घंटे बिजली : ऊर्जा विभाग ने शहरी विद्युतीकरण के काम को लेकर रविवार को पांच घंटे बिजली काटी. सुबह 8:00 बजे से अपराह्न 2:00 बजे तक क्षेत्र में लगातार बिजली कटी रही. इससे पंजाबी मुहल्ला, मटकुरिया रोड, विकास नगर आदि क्षेत्र प्रभावित रहे. जबकि विभाग ने आठ बजे से 11 बजे तक दिन में बिजली काटने की घोषणा की थी.
