सीसीटीवी फुटेज से चोरी करने वाले का पता चला
धनबाद : बैंक मोड़ की एक मोबाइल दुकान से चोरी गया मोबाइल गुरुवार को दुकानदार को वापस मिल गया है. सीसीटीवी फुटजे से पता चला कि उक्त मोबाइल एक नाबालिग चुरा ले गया था. इसके बाद दुकानदार ने नाबालिग को फेसबुक पर मैसेज भेज कर पुलिस से शिकायत करने की बात कही. भयवश नाबालिग ने मोबाइल लौटा दिया. बताया जाता है कि पिछले हफ्ते बैंक मोड़ स्थित उक्त दुकान पर ग्राहक बनकर आये नाबालिग ने एक मोबाइल चुरा लिया था. सीसीटीवी फुटेज देखने पर चोरी करने वाले का पता चला. हालांकि दुकानदार ने पुलिस में शिकायत न कर फेसबुक में संबंधित नाबालिग का प्रोफाइल ढूंढ निकाला.
इसके बाद उसे फेसबुक पर मैसेज भेजकर चुराया गया मोबाइल वापस लौटाने को कहा. ऐसा न करने पर पुलिस में शिकायत करने की चेतावनी दी. इससे डरकर बरमसिया निवासी उक्त नाबालिग ने एक बच्चे को दुकानदार को मोबाइल देने को भेजा और खुद दुकान से कुछ दूरी पर खड़ा हो गया. बच्चा जब मोबाइल लेकर दुकान पर तो दुकानदार ने पूछताछ की. उसने बताया कि एक भैया ने 50 रुपये देकर आपको मोबाइल देने को कहा. भईया वहां खड़ा है. इस पर दुकानदार ने अपने कर्मचारी के साथ मिलकर नाबालिग को पकड़ लिया. नाम-पता पूछने के बाद उसके पिता को बुलवाया. बाद में चेतावनी देकर उसे छोड़ दिया गया.
