शहीद निर्मल महतो मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल (एसएनएमएमसीएच) में इलाजरत 12 वर्षीय किशोर डेंगू संक्रमित पाया गया है. मंगलवार को माइक्रोबायोलॉजी विभाग में हुई जांच में डेंगू संक्रमण की पुष्टि हुई. इसके बाद अस्पताल प्रबंधन ने इसकी सूचना जिला स्वास्थ्य विभाग को भेज दी है.
जानकारी के अनुसार गोविंदपुर के कुरैशी मोहल्ला निवासी किशोर को तेज बुखार की शिकायत के बाद 10 अगस्त को एसएनएमएमसीएच के मेडिसिन वार्ड में भर्ती कराया गया था. चिकित्सकों की सलाह पर उसका रक्त नमूना जांच के लिए भेजा गया था. मंगलवार को प्राप्त रिपोर्ट में किशोर के डेंगू संक्रमित होने की पुष्टि हुई.
स्वास्थ्य विभाग चलायेगा विशेष अभियान
डेंगू की पुष्टि होने के बाद जिला स्वास्थ्य विभाग की टीम मरीज के घर और आसपास के क्षेत्रों में विशेष अभियान चलायेगी. टीम प्रभावित इलाके में दवा का छिड़काव करेगी तथा मच्छरों के प्रजनन स्थलों की पहचान कर उन्हें नष्ट करने की कार्रवाई करेगी.
बुखार पीड़ितों की होगी स्क्रीनिंग
स्वास्थ्य विभाग की ओर से मरीज के घर के आसपास रहने वाले लोगों की भी स्क्रीनिंग की जायेगी. बुखार से पीड़ित लोगों की पहचान कर आवश्यकता पड़ने पर उनके नमूने डेंगू जांच के लिए लिये जायेंगे. विभाग का उद्देश्य संक्रमण के संभावित प्रसार को रोकना और समय रहते अन्य मरीजों की पहचान करना है.
सतर्कता बरतने की अपील
स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से घर और आसपास साफ-सफाई रखने, पानी जमा नहीं होने देने तथा बुखार के लक्षण दिखाई देने पर तुरंत चिकित्सकीय सलाह लेने की अपील की है. बरसात के मौसम में डेंगू के मामलों की आशंका बढ़ने के कारण विभाग लगातार निगरानी और जागरूकता अभियान चला रहा है.
