गैंग्स और भांजों के बीच पुलिस को उलझा रहा मामा

दो दिन की रिमांड पर सरायढेला में पूछताछ धनबाद : झरिया विधायक संजीव सिंह के खासमखास रंजय सिंह हत्याकांड के मुख्य आरोपी नंद कुमार सिंह उर्फ रूना सिंह उर्फ बबलू मामा पुलिस रिमांड पर पूछताछ में बरगलाने की कोशिश कर रहा है. मामा से शनिवार की अाधी रात के बाद तक पूछताछ की गयी. लेकिन […]

दो दिन की रिमांड पर सरायढेला में पूछताछ

धनबाद : झरिया विधायक संजीव सिंह के खासमखास रंजय सिंह हत्याकांड के मुख्य आरोपी नंद कुमार सिंह उर्फ रूना सिंह उर्फ बबलू मामा पुलिस रिमांड पर पूछताछ में बरगलाने की कोशिश कर रहा है. मामा से शनिवार की अाधी रात के बाद तक पूछताछ की गयी. लेकिन कोई ठोस जानकारी सामने नहीं आ पायी है. मामा पुलिस को गैंग्स व भांजों के बीच कहानी बताकर पुलिस को बरगलाने की कोशिश कर रहा है. मामा ने पूछताछ में कहा है कि झरिया विधायक संजीव सिंह का करीबी होना, विरोधियों को चुनौती देना, आउटसोर्सिंग में वर्चस्व में विरोधी को बढ़ने से रोकना आदि कारणों से रंजय की हत्या की गयी. सरायढेला थाना में ही मामा से पूछताछ की जा रही है. मामा रंजय की हत्या को कभी विरोधी के नाम तो कभी खुद की दुश्मनी के कारण बता रहा है.
मामा कभी हां तो कभी ना कर रहा है. मामा न तो भांजे के बारे में कुछ कह रहा है न ही उनलोगों को क्लीन चीट दे रहा है. लगातार छह से सात घंटे की पूछताछ में मामा किसी बात को सीधा कहने के बजाय पूरा घुमा रहा है. कभी भांजा तो कभी गैंग्स का नाम ले रहा है. मामा खुद को गरीब होने, रोजगार के लिए धनबाद आने, अपने पूर्व के आपराधिक साथियों की कहानी पुलिस को रात में सुना रहा था. मामा ने पुलिस अफसरों से कहा कि हत्या के एक नहीं कई कारण हैं. रंजय ने रघुकुल ही नहीं, कई घरानों से सीधी दुश्मनी ले रखी थी. उसकी हत्या तो होनी ही थी. मामा को पुलिस ने 48 घंटे के लिए रिमांड पर लिया है. कोर्ट के आदेश पर सरायढेला थानेदार सह कांड के अनुसंधानकर्ता निरंजन तिवारी शनिवार की दोपहर मामा को धनबाद जेल से लेकर आये. मामा को कड़ी सुरक्षा के बीच सरायढेला थाना में रखा गया है. थाना व हवालात नहीं रहने के कारण मामा पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है. पुलिस के वरीय अधिकारियों ने भी मामा से पूछताछ की है. मामा से रविवार की सीनियर अफसरों की मौजूदगी में कुछ लोगों से आमना-सामना कराया जायेगा. पुलिस मामा के सामने दो विक्की को भी रविवार को हाजिर करायेगी. मामा को तीन दोस्तों से भी पुलिस आमना-सामना करायेगी. मामा से आज पहले दिन थानेदार ने अपने वातानुकूलित कक्ष में पूछताछ की. पुलिस दूसरे दिन पूछताछ में सख्ती करेगी. उल्लेखनीय है कि मामा को चौरा थाना क्षेत्र के बेरथ गांव से दो अगस्त को भोजपुर पुलिस ने गिरफ्तार किया था. रंजय हत्याकांड में सरायढेला पुलिस उसे प्रोडक्शन वारंट पर लेकर आयी है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >