पुटकी थाना की नाक के नीचे लगातार दूसरे दिन दिनदहाड़े लूट की घटना को अंजाम दे कर अपराधियों ने पुटकी पुलिस को खुली चुनौती दी है.
पुटकी : पुटकी थाना क्षेत्र के पुटकी श्रीनगर में सेवानिवृत्त 75 वर्षीय बीसीसीएलकर्मी रामाश्रय उपाध्याय से बाइक सवार अपराधियों ने 50 हजार रुपये छीन कर पुटकी क्षेत्र में सनसनी फैला दी. घटना शाम करीब पांच बजे की बतायी जा रही है.
भुक्तभोगी रामाश्रय उपाध्याय ने बताया कि दिन के करीब साढ़े 12 बजे अपने श्रीनगर स्थित घर से निकल कर पुटकी बैंक ऑफ इंडिया पहुंचा. अपना कुछ कागजी कार्य निबटाकर ऑटो से धनबाद के बैंकमोड़ स्थित बैंक ऑफ बड़ौदा गये. वहां से चेक के माध्यम से 50 हजार रुपये निकाल कर एक झोले में कागजों के बीच समेट कर वहां से निकल गये. उसके बाद बैंकमोड़ स्थित इलाहबाद बैंक गया और अपने बचत खाता में अलग से 500 सौ रुपये जमा किया और ऑटो पर बैठ पुटकी के लिए निकल पड़ा.
पुटकी नीचे मोड़ पहुंचने के बाद देखा कि साढ़े चार बजे गये हैं और पुटकी का बैंक बंद हो गया होगा. इसलिए दूसरे दिन जमा करने के ख्याल से फिर उन्होंने पुटकी में एक मेडिकल स्टोर से दवा ली और पैदल अपने घर श्रीनगर की ओर आने लगे. जब घर से सौ मीटर की दूरी पर थे कि तभी पीछे से मोटरसाइकिल पर सवार दो अपराधी आये और हाथ से झोला झपट तेज गति से पुटकी की ओर भाग गये. बाइक पर दो युवक थे और दोनों हेलमेट पहने हुए थे. भुक्तभोगी श्री उपाध्याय ने घटना की लिखित शिकायत पुटकी थाना में की है.
लगातार दूसरे दिन घटी घटना : विदित हो कि बुधवार को भी पुटकी थाना क्षेत्र की एसबीआइ बलिहारी (पुटकी) शाखा के समीप ए टाइप ब्रह्मबाबा के समीप से बीसीसीएलकर्मी रामशेवर भगत से 20 हजार रुपये की छिनतई दो बाइक सवार अपराधियों ने की थी. लगातार दूसरे दिन दिनदहाड़े छिनतई की घटना से पुलिस की निष्क्रियता पर लोग अब सवाल उठा रहे हैं.
इस संबंध में पुटकी थाना प्रभारी सह इंस्पेक्टर अलबिनुस बाड़ा ने बताया घटना की लिखित शिकायत मिली हैं. पुलिस जांच में जुट गयी है. जल्द घटना का उद्भेदन कर लिया जायेगा.
