धनबाद : रानीबांध (धैया) स्थित कैनरा बैंक की एटीएम तोड़कर रकम निकालने की कोशिश की गयी. लेकिन सायरन बज जाने पर अपराधी पकड़े जाने के डर से भाग खड़े हुए. घटना रविवार रात डेढ़ बजे की है. पुलिस ने बताया कि सोमवार पूर्वाह्न ग्यारह बजे अमरेश प्रसाद नामक व्यक्ति ने फोन कर एटीएम में तोड़-फोड़ की जानकारी दी.
अमरेश प्रसाद के मकान में ही केनरा बैंक की एटीएम है. धनबाद थाना प्रभारी अशोक सिंह के अनुसार यह काम किसी पेशेवर गैंग का है. अपराधियों ने सबसे पहले एटीएम के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे और उसके बाद अंदर में लगे दो सीसीटीवी कैमरे को तोड़ डाला. एटीएम में लगा बक्सा और की-बोर्ड को तोड़ जैसे ही चेस्ट बॉक्स काटने की कोशिश की कि उसमें लगा सायरन बज गया. पकड़े जाने के भय से अपराधी भाग निकले.
दोबारा आये और झांक कर चले गये : केनरा बैंक के बगल में स्थित यूको बैंक की एटीएम के सीसीटीवी कैमरे में चोरों की गतिविधियां रिकार्ड हुई है. उससे पता चलता है कि चोर स्वीफ्ट कार से आये थे. वे चार की संख्या में थे और नकाबपोश थे. डेढ़ बजे रात में उन लोगों की गाड़ी एटीएम के दरवाजे पर रुकी. उसके बाद सभी लोग एटीएम के अंदर गये.
1:50 में चारों अपराधी दौड़ कर एटीएम से बाहर आये. 2:30 में दोबारा वही गाड़ी एटीएम के पास रुकी. इस बार गाड़ी से एक आदमी उतरा. उसने एटीएम के अंदर झांक कर देखा और चला गया. केनरा बैंक बैंक मोड़ ब्रांच के मुख्य प्रबंधक रंजन कुमार का कहना है कि धैया स्थित एटीएम में एक लाख 14 हजार रुपये थे. हालांकि पैसे को कोई नुकसान नहीं हुआ है.
