प्रतिनिधि, जसीडीह. जसीडीह-रोहणी हॉल्ट के बीच रायडीह रेलवे फाटक के समीप रेलवे ट्रैक से जसीडीह पुलिस ने एक अज्ञात 60 वर्षीय वृद्ध महिला का शव बरामद किया. शव पूरी तरह से क्षत-विक्षत अवस्था में पड़ा हुआ था. घटना की सूचना पाकर जसीडीह थाना व जसीडीह आरपीएफ पुलिस पदाधिकारी घटनास्थल पर पहुंच कर जांच की. इसके बाद शव का पंचनामा कर शव को पोस्टमार्टम के लिए देवघर सदर अस्पताल भेज दिया. जानकारी के अनुसार बुधवार की सुबह को स्टेशन के अधिकारी ने पुलिस को सूचना दी थी कि रायडीह रेलवे फाटक के समीप डाउन लाइन के पोल संख्या 319/26-24 के बीच पर महिला का शव पड़ा होने की जानकारी दी. सूचना मिलते ही थाना से एएसआइ लक्ष्मण तुरी,आरपीएफ एएसआइ श्यामल कुमार दत्तो जवान के साथ घटनास्थल पर पहुंचें और जांच पड़ताल की. इसके बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. पुलिस को मृतक के पास से उसकी पहचान के लिए किसी प्रकार की कागजात व समान नहीं मिले. जबकि आसपास के कई गांवों के लोग घटनास्थल पर पहुंचे, लेकिन शव की पहचान नहीं कर सके.इस कारण शव की पहचान अब तक नहीं हो पायी है. पुलिस ने आशंका जताते हुए कहा कि संभवत महिला रेलवे ट्रैक पार कर रही होगी .इससे वह ट्रेन की चपेट में आकर उसकी मौत हुई होगी. पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मामले का खुलासा किया जा सकता है. महिला ने कत्थई रंग की साड़ी पहनी हुई थी. घटना को लेकर पुलिस मामले की छानबीन में जुटी हुई है.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
