देवघर : देवघर जिले के मोहनपुर थाना क्षेत्र के तपोवन जमुआ गांव में विश्वकर्मा पूजा की रात हनुमान मंदिर के चबूतरे पर सो रहे दो युवकों को गोली मारकर घायल करने का मामला सामने आया है. घटना 17 सितंबर की रात करीब एक बजे की बतायी जा रही है. गोली लगने से कुंदन कुमार मंडल और कुलदीप मंडल घायल हो गये. इनमें कुंदन को शनिवार शाम इलाज के लिए देवघर सदर अस्पताल लाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे छुट्टी दे दी गयी. वहीं, कुलदीप का अब तक पता नहीं चल पाया है.
रात में मंदिर पहुंचा गांव का युवक
घायल कुंदन के पिता महेंद्र मंडल ने बताया कि गांव में विश्वकर्मा पूजा का आयोजन हो रहा था. इसी वजह से कुंदन और कुलदीप हनुमान मंदिर के चबूतरे पर सोये हुए थे. रात करीब नौ बजे गांव का ही युवक हिमांशु यादव वहां पहुंचा और दोनों को अपने साथ कहीं चलने के लिए कहने लगा. दोनों के इनकार करने के बाद वह चला गया.
महेंद्र के अनुसार, रात करीब एक बजे हिमांशु दोबारा हनुमान मंदिर के पास पहुंचा और गोली चला दी. गोली कुंदन के बायें पैर को आर-पार करते हुए कुलदीप की जांघ में जा लगी.
बाइक पर बैठाकर जंगल की ओर ले जाने का आरोप
इसके बाद आरोपित दोनों घायल युवकों को बाइक पर बैठाकर जंगल की ओर ले गया. सुबह जब परिजनों को दोनों युवक नहीं मिले, तो उनकी तलाश शुरू की गयी. फोन पर संपर्क करने पर हिमांशु ने परिजनों से बातचीत करते हुए दोनों के ठीक होने की बात कही और उन्हें घर पहुंचाने का आश्वासन दिया.
बताया गया कि 18 सितंबर की रात करीब साढ़े नौ बजे एक युवक को घर के पास छोड़ दिया गया. इसके बाद क्षेत्र में तेज बारिश शुरू हो गयी. 19 सितंबर की सुबह परिजन घायल कुंदन को लेकर मोहनपुर थाना पहुंचे और पुलिस को घटना की जानकारी दी. पुलिस ने घायल कुंदन को इलाज के लिए देवघर सदर अस्पताल भेजा. वहीं, कुलदीप का अभी तक पता नहीं चल पाया है.
पुलिस ने मामले को बताया संदिग्ध
मामले में पुलिस का कहना है कि पूरा मामला संदिग्ध है. जांच में सामने आया है कि आरोपी और घायल युवक एक ही गांव के हैं और विश्वकर्मा पूजा के दौरान सभी साथ थे. पुलिस के अनुसार, प्रथम दृष्टया पता चल रहा है कि आपस में गोली चलने के बाद दोनों छिपकर इलाज करा रहे थे. एक युवक का इलाज ठीक से नहीं हो सका, जिसके बाद उसे इलाज कराने अस्पताल पहुंचे. वहां इंज्यूरी मांगने पर पुलिस के पास पहुंचे.
पुलिस का कहना है कि घटना के बाद दो दिनों तक उनलोगों को भी मामले की भनक नहीं लगने दी गयी. पुलिस पूरे मामले की जांच-पड़ताल कर रही है. घटना में शामिल युवक की तलाश की जा रही है.
