मारगोमुंडा. लहरजोरी- मधुपुर मुख्य सड़क पर बिरसिंहडीह गांव के निकट बीती रात को सड़क दुघर्टना में 24 वर्षीय युवक डब्ल्यू हांसदा की मौत हो गयी, जबकि विकास कोल व सिकंदर हांसदा घायल हो गये. घायलों को अनुमंडलीय अस्पताल मधुपुर में भर्ती कराया गया है. घटना के संबंध में बताया जाता है कि सारवां थाना क्षेत्र के बनवरिया गांव निवासी डब्ल्यू हांसदा व सिकंदर हांसदा बाइक में सवार होकर मधुपुर थाना क्षेत्र के गौसुवा शिव मंदिर मेला देखने को लिए गये थे. बताया जाता है मेला देखने के क्रम में दोनों युवकों को मारगोमुंडा थाना क्षेत्र के सिमराढाव गांव निवासी विकास कोल से मुलाकात हुई. इसके बाद तीनों युवक बाइक पर सवार होकर मारगोमुंडा थाना क्षेत्र के सिमराढाव गांव जा रहे थे. इस दौरान मारगोमुंडा थाना क्षेत्र के बिरसिंहडीह के समीप किसी अज्ञात वाहन ने बाइक सवार को धक्का मार दिया. जिससे डब्ल्यू हांसदा की घटनास्थल पर ही मौत हो गयी. जबकि बनवरिया गांव निवासी सिंकदर हांसदा व सिमराढाव गांव निवासी विकास कोल घायल हो गये. घटना के बाद आसपास के लोग मौके पर जमा हो गये. वहीं घटना की सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गयी. घायल दोनों लोगों को पुलिस और ग्रामीणों की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया. इधर किसी ने घटना की जानकारी परिजनों को भी दी. अनुमंडल अस्पताल में दोनों घायलों का इलाज किया गया. इधर घायलों को देवघर अस्पताल रेफर कर दिया गया. वहीं बुधवार को प्रभारी थाना प्रभारी नागेंद्र राम व एएसआई बेचन पासवान ने शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद उसे परिजन को सौंप दिया. पुलिस घटना के कारणों की जांच कर रही है.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
