Deoghar News : जनता दरबार में डीसी ने सुनी लोगों की पीड़ा, कई मामलों का ऑन-द-स्पॉट समाधान

जिलावासियों की समस्याओं के त्वरित समाधान और पारदर्शी निष्पादन को लेकर डीसी नमन प्रियेश लकड़ा ने शनिवार को जनता दरबार में लोगों से रू-ब-रू मिले.

प्रमुख संवाददाता, देवघर : जिलावासियों की समस्याओं के त्वरित समाधान और पारदर्शी निष्पादन को लेकर डीसी नमन प्रियेश लकड़ा ने शनिवार को जनता दरबार में लोगों से रू-ब-रू मिले. जनता दरबार में शहरी व ग्रामीण क्षेत्रों से पहुंचे लोगों ने भू-अर्जन व मुआवजा भुगतान, अनुकंपा नियुक्ति, बिजली बिल माफी, झारखंड मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना, पेंशन, फसल बीमा, भू-राजस्व एवं आवास से जुड़े मामलों को डीसी के समक्ष रखा. उन्होंने एक-एक कर सभी फरियादियों की समस्याएं सुनीं और संबंधित विभागीय अधिकारियों को मौके पर ही कई मामलों का समाधान करने का निर्देश दिया. जनता दरबार के दौरान मंईयां सम्मान योजना, पेंशन और राजस्व से जुड़े कई आवेदन ऑन द स्पॉट निष्पादित किये गये, जिससे लोगों को राहत मिली.

जलापूर्ति से जुड़ी शिकायतें दूर करे नगर निगम

नगर निगम क्षेत्र में पेयजल आपूर्ति से जुड़ी शिकायतों पर संज्ञान लेते हुए डीसी ने नगर आयुक्त को निर्देश दिया कि समस्या का शीघ्र और स्थायी समाधान सुनिश्चित करें. वहीं देवीपुर अंचल से जुड़े भूमि पर्चा के मामले में अंचलाधिकारी को त्वरित कार्रवाई का आदेश दिया. साथ ही एसी के माध्यम से जिले के सभी सीओ को राजस्व व भूमि मामलों का समय पर निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया.

हर आवेदन की भौतिक जांच कर समाधान करें

डीसी ने कहा : लोगों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ें, जनता दरबार का यही उद्देश्य है. हर आवेदन की भौतिक जांच कर समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जायेगा. उन्होंने संबंधित अधिकारियों को एक सप्ताह के भीतर कार्रवाई रिपोर्ट समर्पित करने का भी निर्देश दिया. इस दौरान एसी हीरा कुमार, एपीआरओ रोहित कुमार विद्यार्थी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी व कर्मी उपस्थित थे.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Sanjeet Mandal

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >