सारवां. थाना क्षेत्र अंतर्गत सारवां-सारठ मुख्य पथ पर वन विभाग कार्यालय मणिगढ़ी के पास सोमवार को एक टोटो पलटने से उस पर सवार दो महिलाएं और एक युवती गंभीर रूप से घायल हो गयी. ग्रामीणों के सहयोग से सभी घायलों को इलाज के लिए देवघर के एक निजी क्लीनिक में भर्ती कराया गया. घायलों की पहचान जियाखाड़ा निवासी गीता देवी (50), सुधा देवी (39) और प्रीति कुमारी (21) के रूप में हुई है. बताया गया कि तीनों महिलाएं जियाखाड़ा गांव से टोटो पर सवार होकर डकाय दुबे बाबा मंदिर पूजा करने जा रही थीं. इसी दौरान विपरीत दिशा से आ रहे एक पिकअप वाहन ने टोटो को चकमा दे दिया, जिससे चालक संतुलन खो बैठा और टोटो सड़क किनारे पलट गया. हादसे में टोटो भी क्षतिग्रस्त हो गया. वहीं, घटना के बाद मौके पर जुटे ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए घायलों को तुरंत उपचार के लिए भेजा.
तेज रफ्तार पिकअप से बचने में टोटो पलटा, तीन घायल
सारवां-सारठ मुख्य पथ पर वन विभाग कार्यालय मणिगढ़ी के पास हुई सड़क दुर्घटना
