फाइलेरिया दवा खाने से बीमार हुई बच्चियों का चिकित्सा पदाधिकारी ने लिया हालचाल, कहा देवीपुर. क्षेत्र को फाइलेरिया मुक्त बनाने व इसके रोकथाम के लिए शुक्रवार को स्वास्थ्य विभाग द्वारा देवीपुर कस्तूरबा विद्यालय पहुंचकर विद्यालय में पढ़ने वाली छात्राओं को फाइलेरिया रोधी दवा का सेवन कराया गया था, जिसका कुछ छात्राओं में मामूली प्रतिकूल प्रभाव पेट दर्द एवं उल्टी जैसी समस्याएं देखने को मिली थी. हालांकि सभी छात्राओं को एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र इलाज के लिए भिजवाया, जहां ऑन ड्यूटी चिकित्सकों ने उचित इलाज कर दवा दी गयी थी. बच्चियों के स्वास्थ्य में सुधार होने पर शुक्रवार को सभी छात्राओं को छोड़ दिया गया था. वहीं, दूसरे दिन शनिवार को प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डाॅ कुमार अभय प्रसाद कस्तूरबा विद्यालय पहुंचे एवं वार्डेन से मिलकर छात्राओं की तबीयत की जानकारी ली. वहीं, छात्राओं से मिलकर उसके स्वास्थ्य की जानकारी ली. छात्राओं ने बताया कि अब वे पूरी तरह से स्वास्थ्य हैं. वहीं, प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी ने बताया कि शुक्रवार को फाइलेरिया की दवा खाने से बच्चियों में मामूली प्रतिकूल प्रभाव यथा उल्टी व सिर दर्द की प्रतिक्रियाएं देखने को मिली थी, जिससे स्वतः स्पष्ट हो जाता है कि कुछ में फाइलेरिया का संक्रमण था. अभी सभी बच्ची पूर्ण रूप से स्वस्थ हैं. फाइलेरिया जैसी बीमारी से बचने के लिए सभी लोगों को दवा का सेवन करना चाहिये. इसका कोई साइड इफेक्ट नहीं है. मौके पर प्रखंड कार्यक्रम प्रबंधक राजकुमार, एमटीएस राजीव रंजन आदि मौजूद थे. फाइलेरिया से बचाव के लिए करें दवा का सेवन
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
