वरीय संवाददाता, देवघर . साइबर थाने की विशेष टीम ने सारठ थानांतर्गत पथरड्डा ओपी क्षेत्र के अंबा गांव के समीप जंगल में छापेमारी की. इस दौरान कस्टमर अधिकारी व बैंक पदाधिकारी बनकर ग्राहकों से साइबर ठगी करते नौ युवकों को गिरफ्तार किया है. एक आरोपित के पास से छापेमारी टीम ने नकद 5, 10, 500 रुपये भी बरामद किये. पहली बार देवघर पुलिस ने किसी साइबर आरोपित के पास से इतनी मोटी रकम की बरामदगी की है, जिसे देवघर पुलिस बड़ी सफलता मान रही है. आरोपितों के खिलाफ साइबर थाने में प्राथमिकी दर्ज कर सभी को कोर्ट में पेश कराया गया और कोर्ट के निर्देश पर पुलिस ने न्यायिक हिरासत में भेज दिया.
पुलिस मीडिया सेल के अनुसार, गिरफ्तार आरोपितों में सारठ थाना क्षेत्र के चरकमारा गांव निवासी ललन कुमार दास सहित मुन्ना कुमार दास, बबलू कुमार दास, पिंडारी गांव निवासी अरशद अंसारी, बूढ़ेई थाना क्षेत्र के दरवे गांव निवासी विजय कुमार मंडल, मोहनपुर थाना क्षेत्र के चितरपोका गांव निवासी रौशन कुमार राय, मुकेश कुमार, देवीपुर थाना क्षेत्र के बंसवरिया गांव निवासी ललन कुमार दास व देवीपुर थाना क्षेत्र के ढकढका गांव निवासी मिथुन दास शामिल हैं. आरोपितों के पास से 11 मोबाइल सहित 10 सिमकार्ड व दो प्रतिबिंब सिम जब्त किये गये हैं. जांच में आरोपितों के पास से बरामद जब्त दो मोबाइल नंबरों के खिलाफ प्रतिबिंब एप व सात नंबरों के विरुद्ध जेएमआइएस पोर्टल पर ऑनलाइन शिकायतें दर्ज मिली हैं. पूछताछ में आरोपितों ने बताया कि क्रेडिट कार्ड अधिकारी बनकर फर्जी मोबाइल नंबर से उपभोक्ताओं को कॉल कर झांसे में लेते थे और केवाइसी अपडेट कराने के नाम पर ठगी करते थे.ललन के पास से मिले रुपये, घर में लगा रखा था सीसीटीवी
मीडिया सेल ने बताया कि सारठ के चारकमारा गांव से गिरफ्तार आरोपित ललन के पास से पुलिस की छापेमारी टीम ने 5,10,500 रूपये बरामद किये. पुलिस को सूचना थी कि कम उम्र का ललन शातिर साइबर आरोपित है, जो प्रतिदिन लोगों से लाखों की रकम की ठगी करता है. पुलिस की गतिविधियों पर निगरानी के लिए ललन ने घर में सीसीटीवी कैमरे भी लगा रखे थे.डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
