देवघर नगर निगम का बड़ा एक्शन: 30 दिनों में बनेगी एसओपी, बिना आईडी नो एंट्री; सुरक्षा होगी मजबूत

देवघर नगर निगम में कर्मचारियों की प्रस्तावित पेन-डाउन स्ट्राइक को नगर आयुक्त ने अनुमति नहीं दी है. निगम आवश्यक सेवाओं के लिए महत्वपूर्ण है, इसलिए आम जनता को असुविधा नहीं होगी. कर्मचारियों को 18 सितंबर से नियमित काम पर लौटने का निर्देश दिया गया है.

देवघर : देवघर नगर निगम के पदाधिकारी और कर्मचारियों द्वारा 16 से 22 सितंबर तक प्रस्तावित पेन-डाउन स्ट्राइक को नगर आयुक्त सुलोचना मीणा ने अनुमति नहीं दी है. नगर आयुक्त ने बुधवार को जारी पत्र में स्पष्ट किया है कि निगम आवश्यक एवं आपातकालीन नागरिक सेवाओं से जुड़ी संस्था है, इसलिए आंतरिक विषयों के कारण आम नागरिकों को असुविधा होना उचित नहीं है. उन्होंने कर्मचारियों से 18 सितंबर से नियमित कार्य पर लौटने और सेवाएं सुचारू रखने का अनुरोध किया है.

12 सितंबर की घटना की कड़ी निंदा

कर्मचारियों के सामूहिक अभ्यावेदन में उठाये गये विषयों को गंभीरता से संज्ञान में लेते हुए नगर आयुक्त ने 12 सितंबर की घटना में वार्ड 20 की पार्षद चांदनी चौधरी के पति कैलाश चौधरी द्वारा प्रयुक्त धमकीपूर्ण एवं आपत्तिजनक भाषा तथा आचरण की कड़ी निंदा की है. उन्होंने विधि-व्यवस्था प्रभावित होने के संबंध में बीएनएसएस के प्रासंगिक प्रावधानों के तहत विधिसम्मत कार्रवाई के लिए एसडीओ, देवघर को पत्र भेज दिया है. मामले को डीसी और एसपी के समक्ष भी रखा जायेगा.

भेदभाव की शिकायत पर होगी निष्पक्ष कार्रवाई

नगर आयुक्त ने कहा है कि निगम कर्मचारियों के लिए भयमुक्त, सुरक्षित और स्वस्थ कार्य वातावरण सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है. जाति, लिंग अथवा धर्म के आधार पर किसी भी प्रकार के भेदभाव या उत्पीड़न की शिकायत पर गंभीरता और निष्पक्षता से कार्रवाई की जायेगी. ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए 30 दिनों के भीतर एसओपी तैयार की जायेगी.

बैठकों में पहचान-पत्र जरूरी

महत्वपूर्ण बैठकों और कार्यक्रमों में बिना अधिकृत पहचान-पत्र वाले व्यक्तियों के प्रवेश पर रोक रहेगी. निगम परिसर में सीसीटीवी और सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ की जायेगी तथा फील्ड और इनफोर्समेंट टीम को आवश्यकतानुसार सुरक्षा सहयोग उपलब्ध कराया जायेगा.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Sanjeet mandal

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >