मारगोमुंडा. प्रखंड क्षेत्र के सभी सरकारी एवं आवासीय विद्यालयों में विद्यालय प्रबंधन समिति (एसएमसी) का गठन 20 अगस्त को किया जाएगा. यह प्रक्रिया राज्य परियोजना निदेशक, झारखंड शिक्षा परियोजना परिषद, रांची एवं जिला शिक्षा अधीक्षक, देवघर के निर्देश के आलोक में कराई जा रही है. प्रखंड क्षेत्र के कुल 26 विद्यालयों में समिति का गठन किया जाना है. इनमें प्राथमिक, मध्य, उच्च, प्लस टू विद्यालय के साथ झारखंड बालिका आवासीय विद्यालय भी शामिल हैं.
पर्यवेक्षक की मौजूदगी में बनेगी समिति, होगी फोटो-वीडियोग्राफी
गठित विद्यालय प्रबंधन समितियों का कार्यकाल दो वर्षों का होगा. निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार सभी संकुलाधीन विद्यालयों में 20 अगस्त को पर्यवेक्षक की उपस्थिति में आमसभा आयोजित कर समिति का गठन किया जाएगा. पूरी प्रक्रिया की निगरानी प्रखंड साधन सेवी एवं संकुल साधन सेवी करेंगे. प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी ने सभी प्रधानाध्यापकों को समिति गठन की प्रक्रिया की फोटो एवं वीडियो रिकॉर्डिंग कराने का निर्देश दिया है. प्रधानाध्यापकों को आमसभा की सूचना का व्यापक प्रचार-प्रसार करने तथा पूरी प्रक्रिया को पारदर्शी तरीके से संपन्न कराने का निर्देश दिया गया है.
अप्रिय स्थिति पर पुलिस से संपर्क, 21 तक जमा होगी कार्यवाही पंजी
इस दौरान किसी भी प्रकार की अप्रिय स्थिति उत्पन्न होने पर मारगोमुंडा थाना से संपर्क करने को कहा गया है. समिति गठन के बाद संबंधित विद्यालयों को 21 अगस्त तक कार्यवाही पंजी की प्रति जमा करनी होगी. शिक्षा विभाग ने सभी संबंधित अधिकारियों एवं कर्मियों को अपने स्तर से पूरी प्रक्रिया का सफल एवं व्यवस्थित संचालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है.
