सारठ. मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम-2026 के तहत दावा-आपत्ति से जुड़े मामलों की सुनवाई के लिए सारठ अंचल प्रशासन ने तिथि, समय और स्थान निर्धारित कर दिया है. सारठ के अंचल अधिकारी सह सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी कृष्ण चन्द्र सिंह मुंडा ने प्रखंड क्षेत्र के 11 स्थानों पर सुनवाई का कार्यक्रम तय किया है. प्रथम चरण में मतदाता सूची में नाम संबंधी विसंगति और नॉन-मैपिंग से जुड़े करीब 2,800 मामलों की सुनवाई की जाएगी.
27 अगस्त से शुरू होगी सुनवाई
जारी कार्यक्रम के अनुसार 27 अगस्त को मध्य विद्यालय भवन करमा में सुबह नौ बजे से दोपहर 12 बजे तक भाग संख्या 99 से 107 तक के मामलों की सुनवाई होगी. इसके बाद दोपहर 12 बजे से तीन बजे तक उत्क्रमित विद्यालय ओझाडीह में भाग संख्या 108 से 110 तक तथा दोपहर तीन बजे से शाम पांच बजे तक उत्क्रमित प्राथमिक विद्यालय आराय में भाग संख्या 111 की सुनवाई होगी.
कुकराहा और बड़वाद में 29 अगस्त को सुनवाई
29 अगस्त को सुबह नौ बजे से दोपहर 12 बजे तक पंचायत भवन कुकराहा में भाग संख्या 112 से 123 तक के मामलों की सुनवाई निर्धारित की गई है. वहीं दोपहर 12 बजे से तीन बजे तक इसी पंचायत भवन में भाग संख्या 124, 126, 129 और 131 से संबंधित मामलों की सुनवाई होगी. शाम तीन बजे से पांच बजे तक पंचायत भवन बड़वाद में भाग संख्या 127 की सुनवाई की जाएगी.
31 अगस्त को बारा टांड़ और शिमला में कार्यक्रम
31 अगस्त को दोपहर 12 बजे से तीन बजे तक उत्क्रमित मध्य विद्यालय भवन बाराटांड़ में भाग संख्या 128 एवं 130 की सुनवाई होगी. इसके बाद शाम तीन बजे से पांच बजे तक पंचायत भवन शिमला में भाग संख्या 132 से 136 तक के मामलों की सुनवाई की जाएगी.
एक सितंबर को ठाढ़ी और चितरा में सुनवाई
सुनवाई के अंतिम निर्धारित दिन एक सितंबर को सुबह नौ बजे से दोपहर 12 बजे तक पंचायत भवन ठाढ़ी में भाग संख्या 137 से 142 तक के मामलों की सुनवाई होगी. दोपहर 12 बजे से तीन बजे तक पंचायत भवन चितरा में भाग संख्या 144 से 146 तथा शाम तीन बजे से पांच बजे तक इसी पंचायत भवन में भाग संख्या 143 एवं 147 से संबंधित मामलों की सुनवाई होगी.
सीओ ने डीसी को भेजी सूचना
सारठ सीओ सह सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी कृष्ण चन्द्र सिंह मुंडा ने 20 अगस्त को उपायुक्त सह जिला निर्वाचन पदाधिकारी को पत्र भेजकर दावा-आपत्ति की सुनवाई से संबंधित तिथि, स्थान और भाग संख्या का क्रमवार विवरण उपलब्ध कराया है. इसके साथ ही संबंधित अधिकारियों और कर्मियों को निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार आवश्यक तैयारी करने का निर्देश दिया गया है.
नोटिस पाने वाले मतदाताओं से उपस्थित होने की अपील
सीओ कृष्ण चन्द्र सिंह मुंडा ने संबंधित मतदाताओं से अपील की है कि जिन लोगों को दावा-आपत्ति के संबंध में नोटिस जारी किया गया है, वे निर्धारित तिथि और समय पर संबंधित स्थल पर आवश्यक दस्तावेजों के साथ अनिवार्य रूप से उपस्थित हों. उन्होंने सभी संबंधित बीएलओ और पर्यवेक्षकों को भी सुनवाई के दौरान निर्धारित स्थल पर मौजूद रहने का निर्देश दिया है.
