प्रतिनिधि, पालोजोरी
पालोजोरी प्रखंड के सगराजोर पंचायत अंतर्गत कुंभगढ़ा गांव निवासी शाहबाज अंसारी ने नीट परीक्षा में सफलता हासिल कर क्षेत्र का नाम रोशन किया है. तीसरे प्रयास में उन्होंने यह प्रतिष्ठित परीक्षा उत्तीर्ण की. शाहबाज की ऑल इंडिया रैंक (एआइआर) 21,345 तथा ओबीसी वर्ग में रैंक 10,175 है. शाहबाज ने अपनी प्रारंभिक शिक्षा के बाद मैट्रिक और इंटरमीडिएट की परीक्षा पालोजोरी के अनारकली प्लस टू विद्यालय से उत्तीर्ण की. उन्होंने कहा कि यदि एक-दो बार असफलता मिले, तो छात्रों को निराश नहीं होना चाहिए. लक्ष्य प्राप्ति के लिए निरंतर मेहनत और धैर्य बनाये रखने से सफलता अवश्य मिलती है. शाहबाज की सफलता पर सगराजोर पंचायत के मुखिया शोएब अंसारी ने अपने आवासीय कार्यालय में आयोजित एक कार्यक्रम में उन्हें सम्मानित किया. इस दौरान बीडीओ पार्थ नंदन, पंचायत समिति सदस्य सरफराज अंसारी सहित अन्य लोग मौजूद थे. शाहबाज के पिता असगर अंसारी पालोजोरी में कपड़ा व्यवसायी हैं.
