संवाददाता, देवघर. राष्ट्रीय विज्ञान दिवस के अवसर पर देवघर सेंट्रल स्कूल में वार्षिक विज्ञान प्रदर्शनी का आयोजन किया गया. अतिथियों ने कार्यक्रम का उद्घाटन कर विज्ञान के महत्व को बच्चों के साथ साझा किया और उनके प्रयासों की प्रशंसा की. उन्होंने कबाड़ के जुगाड़ से तैयार किये गये मॉडल की मुक्त कंठ से सराहना की और कहा कि आज प्रदूषण एक विश्वव्यापी जानलेवा समस्या बन गयी है. स्कूल के प्राचार्य सुबोध कुमार झा ने बताया कि विज्ञान मात्र एक विषय नहीं है यह हमारे जीवन का आधार है. विज्ञान से ही हमारा यह जटिल जीवन संभव हो पा रहा है. वहीं बताया कि विज्ञान प्रदर्शनी संथाल परगना में विज्ञान के जनक रहे रमा शंकर पांडेय को समर्पित किया गया. कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में प्रो रामनंदन सिंह, डॉ भारतेन्दु, सोमेश दत्त मिश्रा, प्रेम केशरी, जेसी राज, प्रदीप सिंह देव, काजल कांति सिकदार, प्रो ज्ञानेंद्र प्रसाद, अभिषेक, दीपक कुमार, देवेंद्र चरण द्वारी व अन्य बच्चों को उनकी क्रियाशीलता के लिए बधाई दी. इस अवसर पर विद्यालय के सभी शिक्षक, बड़ी संख्या में अभिभावक व अन्य उपस्थिति थे.
कबाड़ के जुगाड़ से छात्रों ने प्रदर्शित किये कई मॉडल
छात्रों में आशीष ने कबाड़ से बुलडोजर का निर्माण कर उसके कार्यात्मक गुणों को बतलाया. आर्यन, सनी, हर्ष सौरभ आदि ने ह्यइड्रोलिक ब्रिज के मॉडल को प्रदर्शित किया. आयुष, दिलशाद, आकाश, अंश, अंकुश आदि ने ध्वनि आधारित प्रयोगों को दिखाया. सोनू व सत्यम ने न्यूटन डिस्क के सप्तवर्णी प्रकाश के किरणों को एकाकार कर दिखाया. प्रिंस व कृष्णा ने बेडौल वस्तुओं के आयतन के मापने की विधि बतायी और मॉ़डल के जरिये दिखाया. वहीं बंधन, शाम्भवी व इक्षा ने पृष्ठ तनाव का सफल प्रदर्शन कर दिखाया. रणवीर ने पानी के दबाव को प्रायोगिक विधि से प्रदर्शित किया. पलक, सृष्टि और संजना ने कार्बन शुद्धिकरण का संयंत्र बनाया. अमित व प्रियांशु ने उत्सर्जन तंत्र की रूप रेखा बतायी. शुभम, आदित्य व यश ने विद्युत चुंबक का जीवंत प्रदर्शन किया. रजत ने प्रारूप के माध्यम से चांद के बदलते आकार को सकारण समझाया.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
