गणगौर पूजा का पारंपरिक विधि-विधान के साथ किया गया विसर्जन

मधुपुर के श्याम मंदिर में धार्मिक अनुष्ठान आयोजित

मधुपुर. शहर के कुंडू बंगला रोड स्थित श्याम मंदिर में मंगलवार को मारवाड़ी युवा मंच के तत्वाधान में अष्ठम गणगौर उत्सव मेला का आयोजन किया गया. चैत मास के शुक्ल पक्ष की तृतीया तिथि राजस्थानी महिलाओं-युवतियों के लिए खासा महत्व रखती है. अपनी जन्मभूमि से दूर बसे राजस्थानियों के लिए गणगौर के विसर्जन उत्सव के लिए युवतियों-महिलाओं का जत्था श्याम मंदिर पहुंचा. जहां इस बार मारवाड़ी युवा मंच की ओर से गणगौर सज्जा प्रतियोगिता, राजस्थानी वेशभूषा प्रतियोगिता, गणगौर रील प्रतियोगिता, विसर्जन प्रतियोगिता व गणगौर गीत प्रतियोगिता का भव्य आयोजन किया गया, जिसमें सफल होने वालों को पुरस्कृत किया गया. गणगौर महोत्सव समृद्ध सांस्कृतिक विरासत की झांकी प्रदर्शित करने का भी अवसर है. इसके पूर्व भगत सिंह स्थित राम मंदिर ठाकुरबाड़ी से भव्य शोभा यात्रा निकाली गयी, जिसमें बाहर से आये कलाकार व स्थानीय महिलाओं ने नाचते गाते श्याम मंदिर पहुंचे. कार्यक्रम स्थल को दुल्हन की तरह सजाया गया था. इसके उपरांत पारंपरिक गीतों के साथ ईसर-गौरा की मूर्तियों का सामूहिक रूप से विधि पूर्वक निर्मित कृत्रिम तालाब में विसर्जन किया गया. बतादें कि गणगौर महोत्सव के दिन सभी सुहागन महिलाएं व युवतियां सामूहिक रूप से ईसर-गौरा का पूजन करती हैं. इस दौरान महिलाएं समवेत स्वर में पारंपरिक लोकगीत भी गाती है तथा ईसर-गौरा की प्रतिमा की विधिपूर्वक पूजा-अर्चना कर दूर्वा से जल के छींटे देती हैं. इससे एक दिन पूर्व द्वितीय तिथि को सिंधारा उत्सव मनाया जाता है, जिसमें लड़कियां तथा महिलाएं मेंहदी लगाती है. नए वस्त्र धारण करती है एवं पारंपरिक पकवानों का सेवन करती है. गणगौर पूजन होलिका दहन के दूसरे दिन अर्थात होली के दिन से शुरू होता है. पूजन आरंभ होने के सप्ताह भर बाद शीतला अष्टमी मनायी जाती है. सोलह दिन पूजनोपरांत चैत मास के शुक्ल पक्ष की तृतीया तिथि के दिन सोलह कुओं का जल लाकर गणगौर को पिलाया जाता है. आयोजन में मारवाड़ी पंचायत व मारवाड़ी महिला मोर्चा ने सहयोगी संस्था के रूप में महत्वपूर्ण योगदान दिया. वही उत्सव समारोह में मारवाड़ी युवा मंच के अध्यक्ष व नप उपाध्यक्ष ऋषभ भारद्वाज मारवाड़ी पंचायत के अध्यक्ष प्रकाश बथवाल, महिला मोर्चा की अध्यक्ष शालिनी गुटगुटिया, युवा मंच के सचिव विवेक कलबलिया, कोषाध्यक्ष अंकित कलबलिया, सहित विवेक बथवाल, कन्हैया लाल कन्नू, अमित मोदी, यश डालमिया, तुषार डालमिया, अभिषेक जालान , उत्तम मोदी, अंकित डालमिया, रवि टिबडेवाल, अमित दुधारिया आदि मौजूद थे.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: BALRAM

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More
Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >