कलाई भाई की सजी, राखी पहुंची सरहद तक: पालोजोरी की बहनों की अनोखी पहल

रक्षाबंधन पर पालोजोरी की छात्राओं ने सरहद पर तैनात जवानों के लिए भेजीं राखियां. भाई-बहन के प्रेम संग देशभक्ति का अनोखा संगम.

प्रतिनिधि, पालोजोरी : भाई-बहन के अटूट प्रेम और स्नेह का प्रतीक रक्षाबंधन का त्योहार शुक्रवार को पालोजोरी प्रखंड क्षेत्र में पूरे श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया. सुबह से ही गांवों और बाजारों में त्योहार की रौनक देखने को मिली. बहनों ने शुभ मुहूर्त में भाइयों की कलाई पर रक्षा सूत्र बांधा और उनके लंबे व स्वस्थ जीवन की कामना की. वहीं, भाइयों ने भी बहनों को उपहार देकर जीवनभर उनकी रक्षा का संकल्प लिया.

राखी के धागे में सजा भाई-बहन का प्यार

रक्षाबंधन को लेकर सुबह से ही घरों में उत्साह का माहौल रहा. बहनों ने पूजा की थाली सजायी, भाइयों के माथे पर तिलक लगाया और मिठाई खिलाकर राखी बांधी. राखी बंधवाने के बाद भाइयों ने बहनों को उपहार भेंट किये. पूरे क्षेत्र में पारंपरिक परिधानों में सजे लोगों के बीच पर्व की खुशियां नजर आयीं.

सरहद पर तैनात जवानों के लिए भेजी राखी

इस बार पालोजोरी में रक्षाबंधन के मौके पर एक खास पहल भी देखने को मिली. क्षेत्र के सनरेज हाई स्कूल और विकास हाई स्कूल की छात्राओं ने देश की सीमाओं पर तैनात जवानों के प्रति सम्मान और कृतज्ञता जताते हुए डाक विभाग के माध्यम से राखियां भेजीं.

छात्राओं ने जवानों के लिए राखियां भेजकर यह संदेश दिया कि देश की रक्षा में सीमा पर खड़े जवान भी रक्षाबंधन के इस पवित्र रिश्ते से दूर नहीं हैं. छात्राओं की इस पहल की प्रखंड क्षेत्र में सराहना की जा रही है.

भाई-बहन के साथ देश के जवानों से भी जुड़ा पर्व

रक्षाबंधन के दौरान जहां घर-घर भाई-बहन के प्रेम का रंग दिखा, वहीं छात्राओं की पहल ने पर्व को देशभक्ति के भाव से भी जोड़ दिया. राखी के इन धागों में भाई-बहन के स्नेह के साथ देश की रक्षा करने वाले जवानों के प्रति सम्मान और अपनापन भी नजर आया.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By उदय कांत सिंह

प्रभात खबर में 2015 से जुड़े हैं. अंचल की पत्रकारिता करते हैं. ग्रामीणों की समस्याओं और विकासात्मक पत्रकारिता करते हैं. ग्रासरूट लेवल के जनहित के मुद्दों को उठाते रहे हैं.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >