बासुकिनाथ से लौटते वक्त चोरकट्टा मोड़ पर पलटी पिकअप,16 कांवरिये घायल, 7 गंभीर

वरियों से भरी पिकअप अनियंत्रित होकर पलटी. 16 श्रद्धालु घायल, 7 की हालत गंभीर. चकाई-देवघर मार्ग पर हुआ हादसा.

वरीय संवाददाता, देवघर. देवघर से सटे बिहार के जमुई जिले के चंद्रमंडी थाना क्षेत्र में सोमवार अहले सुबह कांवरियों से भरी पिकअप दुर्घटनाग्रस्त हो गयी. चकाई-देवघर मुख्य मार्ग एनएच-333 पर चोरकट्टा मोड़ के पास करीब दो बजे चालक को झपकी आने के कारण वाहन अनियंत्रित होकर बिजली के पोल से टकरा गया और सड़क किनारे गड्ढे में पलट गया. हादसे में 16 श्रद्धालु घायल हो गये, जिनमें सात की स्थिति गंभीर बतायी गयी. प्रारंभिक उपचार के बाद सात घायलों को बेहतर इलाज के लिए देवघर सदर अस्पताल लाया गया.

बताया गया कि सभी श्रद्धालु नालंदा, औरंगाबाद और शेखपुरा जिले के अलग-अलग इलाकों के रहने वाले और आपस में रिश्तेदार हैं. सभी देवघर और बासुकीनाथधाम में पूजा-अर्चना करने के बाद राजगीर घूमने जा रहे थे.

बांस-बल्ली से बनाया था दो मंजिला मचान, ऊपर सो रहे थे श्रद्धालु

पिकअप में बांस-बल्ली की मदद से दो मंजिला मचान बनाया गया था. वाहन में क्षमता से अधिक श्रद्धालु सवार थे और कुछ लोग ऊपर बने मचान पर सो रहे थे. माधोपुर बाजार पार करने के बाद चालक को झपकी आने से वाहन अनियंत्रित हो गया और बिजली के पोल से जा टकराया.


इलाजरत कावरियां.

टक्कर इतनी जोरदार थी कि बिजली का पोल टूटकर पिकअप पर गिर गया. ऊपर सो रहे श्रद्धालु उसके नीचे दब गये, जिससे घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गयी.

पुलिस और स्थानीय लोगों ने घायलों को निकाला

हादसे की सूचना मिलते ही माधोपुर थानाध्यक्ष गजेंद्र कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. पुलिस और स्थानीय लोगों ने कड़ी मशक्कत कर सभी घायलों को वाहन से बाहर निकाला. इसके बाद एंबुलेंस की मदद से सभी को चकाई रेफरल अस्पताल पहुंचाया गया. वहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल सात श्रद्धालुओं को बेहतर इलाज के लिए देवघर सदर अस्पताल रेफर किया गया.

सदर अस्पताल में चल रहा इलाज

देवघर लाये गये घायलों में औरंगाबाद जिले के अंबा गांव निवासी अभिजीत कुमार शामिल हैं. उनके सिर और पैर में गंभीर चोट लगी है. इसके अलावा अंबा निवासी उदय कुमार मेहता, शशि कुमार, सत्या सिंह, गुड़िया कुमारी, सरिता देवी समेत एक अन्य घायल को भी देवघर लाया गया.

अभिजीत कुमार की स्थिति गंभीर बतायी गयी है. सदर अस्पताल में चिकित्सकों की देखरेख में उनका इलाज चल रहा है. अन्य घायलों का उपचार करने के बाद उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गयी. पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त पिकअप को कब्जे में ले लिया है.

चकाई रेफरल अस्पताल में इनका हुआ इलाज

धर्मेंद्र मेहता, विश्वजीत कुमार, शशि कुमार, चंचल मेहता, राजा कुमार, राहुल कुमार, चंदन कुमार, हीरा पासवान, रविरंजन कुमार, धनंजय पासवान और सरिता कुमारी का चकाई रेफरल अस्पताल में इलाज किया गया.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By अजय कुमार यादव

राजेंद्र प्रसाद यूनिवर्सिटी, मुंबई से पीजी डिप्लोमा इन मास कम्युनिकेशन की अर्हता हासिल है. प्रभात खबर से जुड़ कर बीते 21 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में काम किया है. फिलहाल प्रभात खबर देवघर यूनिट में वरीय संवाददाता के पद पर कार्यरत हूं. अपराध, शिक्षा, बिजली व खेल के क्षेत्र की लंबे समय से रिपोर्टिंग की है. मगर खेल के क्षेत्र में रिपोर्टिंग का अपना विशेष अनुभव है. इस दौरान कई राष्ट्रीय, अंतराष्ट्रीय खिलाड़ियों से रूबरू होकर उनका साक्षात्कार करने का अनुभव रहा है.
इ-मेल पता= ajaykyadav58@gmail.com

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >