पालोजोरी : झारखंड में विशेष गहन मतदाता पुनरीक्षण एसआईआर प्रक्रिया के दौरान पालोजोरी प्रखंड में मतदाता सूची से नाम हटाने की कोशिशों को लेकर सियासी घमासान तेज हो गया है. प्रखंड क्षेत्र की मटियार पंचायत के माथाडंगाल गांव के बूथ संख्या 237 में दो बूथ लेवल एजेंट्स (बीएलए-2) पर गांव के ही 30 वैध मतदाताओं का कथित तौर पर फर्जी तरीके से फॉर्म-7 भरकर जमा करने का आरोप लगाया गया है. ग्रामीणों की शिकायत के बाद सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी सह बीडीओ पार्थ नंदन ने संबंधित बूथ लेवल ऑफिसर (बीएलओ) समीना बीबी को पत्र भेजकर मामले की जमीनी जांच करने और जल्द रिपोर्ट सौंपने का निर्देश दिया है.
30 मतदाताओं के नाम हटाने का आरोप
मामला बूथ संख्या 237 माथाडंगाल से जुड़ा है. ग्रामीणों के अनुसार, दो बीएलए-2 द्वारा गांव के करीब 30 मतदाताओं के नाम मतदाता सूची से हटाने की नीयत से कथित तौर पर फॉर्म-7 भरा गया है. ग्रामीणों का आरोप है कि दोनों बीएलए-2 उक्त गांव के निवासी नहीं हैं और उन्हें वास्तविक स्थिति की जानकारी नहीं है.
बिना सूचना फॉर्म-7 भरने का आरोप
ग्रामीणों का कहना है कि बिना किसी पूर्व सूचना, सहमति या वैध कारण के यह कदम उठाया गया. प्रभावित मतदाताओं के अनुसार, वे सभी माथाडंगाल गांव के स्थायी निवासी हैं और लंबे समय से इसी पते पर रहकर मतदान करते आ रहे हैं. उनका आरोप है कि राजनीतिक दुर्भावना के तहत उनके लोकतांत्रिक अधिकार को प्रभावित करने के उद्देश्य से मतदाता सूची से नाम हटाने की कोशिश की जा रही है.
शिकायत के बाद बीडीओ ने लिया संज्ञान
मामले से नाराज प्रभावित मतदाताओं ने पालोजोरी बीडीओ और थाना प्रभारी को लिखित आवेदन देकर कार्रवाई की मांग की. मंगलवार को झामुमो के प्रतिनिधिमंडल के साथ माथाडंगाल गांव के मतदाताओं ने बीडीओ व थाना प्रभारी से मुलाकात की. प्रतिनिधिमंडल में जिला झामुमो अधिकारी इस्तियाक मिर्जा, प्रखंड अध्यक्ष अब्दुल रहीम व अन्य सदस्य शामिल थे.
झामुमो नेताओं ने भाजपा पर लगाया आरोप
झामुमो नेताओं ने मामले को लेकर भाजपा पर हमला करते हुए आरोप लगाया कि भाजपा अल्पसंख्यक वोटरों को टारगेट कर इस तरह का कार्य कर रही है. मौके पर पीड़ितों में मो. एहतेशाम मुद्दीन, मो. सगीर अहमद, मो. हकिम अंसारी, मो. इमरोज अंसारी, अकरम अंसारी, राजू अंसारी, मो. गुलाम अंसारी, अनवारूल अंसारी, आजाद अंसारी, असरफुल कादरी, मो. मुस्तकीम अंसारी, परवेज अंसारी सहित अन्य लोग मौजूद थे.
