पालोजोरी : पालोजोरी बाजार से सटे नवाडीह गांव निवासी दो सगे भाइयों ने राष्ट्रीय पात्रता परीक्षा (नेट) पास कर माता-पिता और क्षेत्र का नाम रोशन किया है. सेवानिवृत्त शिक्षक विनोद गुप्ता एवं गृहिणी नूतन देवी के पुत्र नीलेश कुमार और विवेक कुमार ने एक साथ नेट परीक्षा में सफलता हासिल की है. दोनों भाइयों ने सहायक प्राध्यापक (असिस्टेंट प्रोफेसर) और पीएचडी के लिए अपनी योग्यता हासिल की है.
ग्रामीण पृष्ठभूमि में हासिल की बड़ी सफलता
ग्रामीण पृष्ठभूमि से आने वाले दोनों भाइयों की इस सफलता से नवाडीह गांव सहित पूरे पालोजोरी में खुशी का माहौल है. सीमित संसाधनों के बावजूद दोनों ने कड़ी मेहनत, समर्पण और नियमित अध्ययन के बल पर यह मुकाम हासिल किया.
नीलेश ने फिजिक्स में हासिल की एआईआर 102
नीलेश कुमार ने भौतिक विज्ञान (फिजिक्स) विषय में सीएसआईआर-नेट की परीक्षा उत्तीर्ण की. उन्होंने पूरे देश में अखिल भारतीय रैंक (एआईआर) 102 हासिल कर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया.
वहीं, विवेक कुमार ने अर्थशास्त्र (इकोनॉमिक्स) विषय में यूजीसी-नेट की प्रतिष्ठित परीक्षा सफलतापूर्वक उत्तीर्ण की.
माता-पिता और गुरुजनों को दिया सफलता का श्रेय
दोनों भाइयों ने अपनी सफलता का श्रेय पिता विनोद कुमार गुप्ता, माता नूतन देवी के निरंतर प्रोत्साहन और गुरुजनों के मार्गदर्शन को दिया है. स्थानीय ग्रामीणों, परिजनों एवं प्रबुद्धजनों ने दोनों भाइयों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है.
