चितरा. कोलियरी प्रक्षेत्र में अवैध कोयला कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए ईसीएल सिक्योरिटी, सीआईएसएफ और बिंदापाथर पुलिस की संयुक्त टीम ने मंगलवार को सोरेन पाड़ा में छापेमारी की. यह अभियान चितरा कोलियरी से जामताड़ा रेलवे साइडिंग जाने वाले मुख्य परिवहन मार्ग पर चलाया गया. इस दौरान टीम ने लगभग 6.5 मीट्रिक टन अवैध कोयला बरामद कर उसे जब्त कर लिया. अचानक हुई इस कार्रवाई से इलाके में हड़कंप मच गया, जबकि अवैध कारोबार से जुड़े लोग मौके से फरार हो गये. बताया गया कि इस मार्ग पर अवैध कोयले की तस्करी की शिकायत लगातार मिल रही थी. इसके आधार पर संयुक्त टीम ने यह कार्रवाई की. अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि अवैध खनन और परिवहन के खिलाफ आगे भी इसी तरह सख्त अभियान जारी रहेगा. जब्त किये गये कोयले को विधिवत वजन कराने के बाद कोलियरी के कोल डंप में जमा कर दिया गया. अभियान का नेतृत्व ईसीएल सिक्योरिटी इंचार्ज मोहम्मद इम्तियाज कर रहे थे.
सोरेन पाड़ा में अवैध कोयला कारोबार पर छापा, 6.5 मीट्रिक टन कोयला जब्त
चितरा के सोरेन पाड़ा में चलाया संयुक्त छापेमारी अभियान
