पांच दिन बाद बंद पड़ी खदान से मिला बच्चे का शव

मधुपुर: खदान में डूबे मासूम का शव मिला, गांव में पसरा मातम

मधुपुर. बुढ़ैई थाना क्षेत्र की जाभागुड़ी पंचायत के सोनाजोरी गांव स्थित पत्थर खदान में नहाने के दौरान डूबे बालक सौरभ हांसदा (4) का शव ग्रामीणों के सहयोग से गुरुवार की देर रात निकाला गया. एनडीआरएफ की टीम व गोता खोर लगातार तीन दिन तक शव निकालने में विफल रहने के बाद ग्रामीण आगे आये और खदान से पानी निकालने के लिए छह मशीन लगायी. खदान में घटना के पांचवे दिन गुरुवार को शाम चार बजे छह सिंचाई पंप लगाया गया. लगातार खदान से पानी निकालने का काम रात 11 बजे तक चलता रहा. इस बीच पानी कम होने पर खदान में सौरव का शव नजर आया और ग्रामीणों ने शव को खदान से बाहर निकाल लिया. बालक का शव मिलते ही परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल हो गया. शव निकलने की सूचना पर बुढ़ैई पुलिस शुक्रवार को गांव पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेते हुए पोस्टमार्टम के लिए देवघर भेज दिया. बताते चले कि सोनाजोरी गांव निवासी सौरभ हांसदा अपने पिता के साथ पिछले रविवार को नहाने गया था. इसी दौरान बंद पड़ी पत्थर खदान के गड्ढे में डूब गया था. ग्रामीण व पुलिस जब शव को नहीं निकाल पायी तो सोमवार से एनडीआरएफ की टीम तीन दिनों तक लगातार शव की तलाश में लगी रही, लेकिन सफलता नहीं मिली थी. इस बीच बकरीद पर्व के कारण गुरुवार को एनडीआरएफ व प्रशासन की टीम नही पहुंची तो ग्रामीणों ने बैठक कर चंदा जमा किया और छह पंप लगाकर खदान से पानी निकालने का निर्णय लिया. पंचायत के मुखिया मोहन किस्कू व प्रभु हांसदा ने इस बाबत प्रशासन से सहयोग मांगा था. हालांकि पर्व के कारण प्रशासन की टीम नही पहुंच पायी. ग्रामीणों ने घंटों मेहनत कर पानी को कम किया. इस दौरान रात होने पर ट्रैक्टर का लाइट जलाकर पानी सुखाने का काम चलता रहा. रात को 11 बजे बच्चे का शव नजर आया. जिसे ग्रामीणों ने निकाला तब राहत की सांस ली. अभियान में मुखिया व प्रमुख के अलावा गांव के केदार हांसदा, अविनाश हांसदा, अर्जुन कोल, मुकेश कोल, पोखन कोल, विनोद हांसदा, अनु कोल, सुखदेव कोल, अखिलेश्वर, नकुल आदि दर्जनों ग्रामीण लगे रहे. — ग्रामीणों ने छह मशीन लगाकर खदान से निकाला पानी, सोनाजोरी में दर्दनाक हादसा ट्रैक्टर की रोशनी में चला रेस्क्यू, रात 11 बजे दिखा सौरभ का शव शव की तलाश के लिए तीन दिन तक एनडीआरएफ टीम ने चलाया था अभियान

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: BALRAM

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More
Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >