पालोजोरी: पलाजोरी थाना क्षेत्र के चंद्रायडीह स्थित बीपीएल अनाज गोदाम के पास शनिवार दिन के लगभग 11 बजे एक बड़ा हादसा हो गया. यहाँ एक निजी मकान के निर्माण कार्य में लगा एक राजमिस्त्री 11000 वोल्ट के हाई वोल्टेज बिजली तार की चपेट में आ गया. करंट लगने से राजमिस्त्री गंभीर रूप से झुलस गया.
इसके बाद स्थानीय लोगों ने उसे आनन फानन में इलाज के लिए पालोजोरी सीएचसी पहुंचाया. जिसे प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर भेज दिया गया. घायल राजमिस्त्री की पहचान दुमका जिले के मसलिया थाना क्षेत्र अंतर्गत खूंटोजोरी गांव का रहने वाला कयूम अंसारी पिता रफीक मिंया के रूप में की गई है.
निजी घर में काम करने के दौरान हुआ हादसा-मिली जानकारी के अनुसार कयूम अंसारी चंद्रायडीह गांव बीपीएल अनाज गोदाम के पास एक निजी मकान में राजमिस्त्री का काम कर रहा था. काम करने के दौरान वह अचानक निर्माधीन घर के उपर से गुजर रहे 11000 वोल्ट के हाई टेंशन बिजली तार के संपर्क में आ गया.
करंट का झटका लगने से वह दिवाल से जमीन पर गिर गया और बेहोश हो गया. साथ ही बिजली करेंट के चपेट में आने से उसका चेहरा, बांया हांथ, छाती व पीठ बुरी तरह झुलस गया. इसके बाद घटनास्थल पर ही चीख-पुकार मच गई.
घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों और सहकर्मियों की मदद से घायल कयूम अंसारी को सीएचसी लाया गया. जहाँ उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर और विशेषज्ञ इलाज के लिए तुरंत रेफर कर दिया.
