महाशिवरात्रि में बाबा की निकली बारात, देवघर में डेढ़ लाख भक्तों ने किया जलाभिषेक

Deoghar Ki Mahashivratri: महाशिवरात्रि पर देवघर के बाबा बैद्यनाथ धाम में आस्था का सैलाब उमड़ा. डेढ़ लाख श्रद्धालुओं ने जलाभिषेक कर सुख-समृद्धि की कामना की. शीघ्रदर्शनम कूपन से विशेष पूजा हुई1 प्रशासन की कड़ी सुरक्षा और बेहतर व्यवस्था के बीच पूरे दिन भक्तों को सुगम दर्शन कराया गया. हर-हर महादेव से पूरा शहर गूंज उठा. पूरी खबर नीचे पढ़ें.

Deoghar Ki Mahashivratri: भोर की पहली किरण फूटने से पहले ही रविवार को बाबानगरी देवघर की हवाओं में घुली धूप-धुआं, घंटों की अनुगूंज और हर-हर महादेव के जयघोष मानो बता रहा था कि आज साधारण दिन नहीं है. महाशिवरात्रि के अवसर पर आस्था ने ऐसा आकार लिया कि जनसैलाब बनकर उमड़ पड़ा. श्रद्धा से भरे कदम, हाथों में जल और मन में अटूट विश्वास-इन्हीं भावों के साथ करीब डेढ़ लाख श्रद्धालु बाबा बैद्यनाथ धाम पहुंचे और बाबा पर जलाभिषेक कर सुख-समृद्धि की कामना की. मंदिर परिसर अहले सुबह से ही जय बाबा बैद्यनाथ के जयघोष से गुंजायमान रहा. शीघ्रदर्शनम कूपन लेकर 7888 भक्तों ने विशेष पूजा-अर्चना की. श्रद्धालुओं की लंबी कतार रात से ही लगनी शुरू हो गयी थी, जो सुबह पट खुलने से पहले बीएड कॉलेज तक करीब छह किलोमीटर दूर पहुंच गयी.

अहले सुबह से शुरू हुआ जलार्पण

महाशिवरात्रि पर परंपरा के अनुसार, बाबा मंदिर में सबसे पहले मां काली की पूजा की गयी. इसके बाद बाबा मंदिर के गर्भगृह का पट खोला गया. सरदार पंडा श्रीश्री गुलाबनंद ओझा सहित अन्य पुजारी व तीर्थ पुरोहितों ने गर्भगृह में बाबा पर कांचा जल अर्पित किये. करीब 20 मिनट तक चली प्रारंभिक पूजा के बाद सरदारी पूजा शुरू हुई. दुग्धाभिषेक के उपरांत षोड्शोपचार विधि से करीब 40 मिनट तक विशेष पूजा की गयी. इसके बाद श्रद्धालुओं के लिए पट खोल दिया गया. भक्तों ने क्यू कॉम्प्लेक्स के रास्ते संस्कार मंडप होते हुए गर्भगृह में पहुंचकर जलार्पण किया.

कूपन की कतार से पेड़ा गली में लगा जाम

अत्यधिक भीड़ और एक बार में तीन हजार से अधिक शीघ्रदर्शनम कूपन जारी होने के कारण पेड़ा गली और पाठक धर्मशाला गली में कुछ समय के लिए जाम की स्थिति बन गयी. हालांकि बीते वर्ष की परेशानियों से सबक लेते हुए प्रशासन ने इस बार सुविधा केंद्र से नाथबाड़ी तक व्यापक बैरिकेडिंग की व्यवस्था की थी. कूपनधारी भक्तों को कतारबद्ध करने के लिए विशेष इंतजाम किये गये. काउंटर बंद होने तक 7888 कूपन जारी किये गये. भक्तों को नाथबाड़ी से पाठक धर्मशाला स्थित होल्डिंग प्वाइंट होते हुए प्रशासनिक भवन तक भेजा गया.

इसे भी पढ़ें: आधार कार्ड में बार-बार नहीं बदल सकेंगे जन्मतिथि, नियम हुआ सख्त

सुरक्षा व्यवस्था में मुस्तैद रहा प्रशासन

किसी भी तरह की अव्यवस्था से निबटने के लिए भारी संख्या में पुलिस पदाधिकारी और दंडाधिकारी तैनात रहे. वीआइपी गेट पर अफरातफरी नहीं हो, इसके लिए अतिरिक्त पुलिस बल लगाये गये थे. बाबा मंदिर का पट खुलने से पहले ही रात करीब ढाई बजे डीसी नमन प्रियेश लकड़ा, एसपी सौरभ, एसडीएम सह मंदिर प्रभारी रवि कुमार सहित अन्य अधिकारी मंदिर पहुंच गये थे. सुबह चार बजे से जलार्पण शुरू होते ही प्रशासनिक टीम कतार के अंतिम छोर तक जाकर व्यवस्था का जायजा लेती रही. कंट्रोल रूम से भीड़ प्रबंधन पर लगातार नजर रखी गयी. अधिकारियों की सक्रियता से पूरे दिन श्रद्धालुओं को सुगम दर्शन की व्यवस्था मिलती रही.

इसे भी पढ़ें: सरायकेला के सीनी शिव मंदिर में धूमधाम से निकली शिव बारात, पूर्व सीएम अर्जुन मुंडा रहे मौजूद

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By KumarVishwat Sen

कुमार विश्वत सेन प्रभात खबर डिजिटल में डेप्यूटी चीफ कंटेंट राइटर हैं. इनके पास हिंदी पत्रकारिता का 25 साल से अधिक का अनुभव है. इन्होंने 21वीं सदी की शुरुआत से ही हिंदी पत्रकारिता में कदम रखा. दिल्ली विश्वविद्यालय से हिंदी पत्रकारिता का कोर्स करने के बाद दिल्ली के दैनिक हिंदुस्तान से रिपोर्टिंग की शुरुआत की. इसके बाद वे दिल्ली में लगातार 12 सालों तक रिपोर्टिंग की. इस दौरान उन्होंने दिल्ली से प्रकाशित दैनिक हिंदुस्तान दैनिक जागरण, देशबंधु जैसे प्रतिष्ठित अखबारों के साथ कई साप्ताहिक अखबारों के लिए भी रिपोर्टिंग की. 2013 में वे प्रभात खबर आए. तब से वे प्रिंट मीडिया के साथ फिलहाल पिछले 10 सालों से प्रभात खबर डिजिटल में अपनी सेवाएं दे रहे हैं. इन्होंने अपने करियर के शुरुआती दिनों में ही राजस्थान में होने वाली हिंदी पत्रकारिता के 300 साल के इतिहास पर एक पुस्तक 'नित नए आयाम की खोज: राजस्थानी पत्रकारिता' की रचना की. इनकी कई कहानियां देश के विभिन्न पत्र-पत्रिकाओं में प्रकाशित हुई हैं.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >