मधुपुर : थाना क्षेत्र के बावन बीघा स्थित वर्षों से बंद पड़े नालंदा एकेडमी में अज्ञात चोरों ने बीती रात धावा बोलकर हजारों रुपये के सामान पर हाथ साफ कर दिया। चोरों ने विद्यालय के छह कमरों के ताले तोड़कर नौ पंखे समेत बिजली के कई उपकरण चोरी कर लिये। इसके अलावा विद्यालय परिसर में श्रावणी मेला ड्यूटी के लिए प्रतिनियुक्त जैप जवानों के अस्थायी मेस को भी चोरों ने निशाना बनाया।
जानकारी के अनुसार, चोरों ने स्कूल के कमरों में लगे ताले तोड़ने के बाद वहां रखे पंखे और अन्य बिजली उपकरण निकाल लिये। इसके बाद चोरों ने परिसर में संचालित जैप जवानों के मेस में भी चोरी की। मेस से खाने-पीने की सामग्री समेत अन्य सामान गायब होने की सूचना है।
घटना की जानकारी विद्यालय के केयरटेकर ऐनुल होदा ने पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लेकर मामले की छानबीन शुरू कर दी है। पुलिस आसपास के इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों और अन्य संभावित सुरागों के आधार पर चोरों का पता लगाने में जुटी है।
बताया जाता है कि नालंदा एकेडमी पिछले कई वर्षों से बंद पड़ा है। फिलहाल श्रावणी मेला ड्यूटी में प्रतिनियुक्त जैप के जवान विद्यालय परिसर में अस्थायी रूप से रह रहे हैं। ऐसे में स्कूल परिसर में हुई चोरी की घटना से सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठने लगे हैं। पुलिस मामले में चोरों की पहचान और चोरी गये सामान की बरामदगी के प्रयास में जुटी है।
