मधुपुर: प्रदेश के अल्पसंख्यक कल्याण सह जल संसाधन मंत्री हफीजुल हसन ने बताया कि मधुपुर विधानसभा क्षेत्र में नौ सड़कों का निर्माण कार्य जल्द शुरू होगा. इन सड़कों का निर्माण पथ प्रमंडल मधुपुर के द्वारा करीब 14 करोड़ रुपये की लागत से कराया जायेगा. इसके लिए टेंडर प्रक्रिया पूरी कर ली गयी है. मंत्री ने बताया कि सड़कों के निर्माण एवं सुदृढ़ीकरण से क्षेत्र के हजारों ग्रामीणों को बेहतर और सुरक्षित आवागमन की सुविधा मिलेगी. इसके साथ ही शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि एवं व्यापारिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा. उन्होंने बताया कि जिन सड़कों के निर्माण की स्वीकृति मिली है, उनमें कल्याणपुर भाया बूढ़ीबगीचा-बदिया पीडब्ल्यूडी सड़क (लंबाई 4.10 किमी), पिपरा से जयंती नदी तक सड़क का सुदृढ़ीकरण (लंबाई 4.35 किमी), मधुपुर–लहरजोरी मुख्य मार्ग से चेतनारी होते हुए बगैया तक सड़क का सुदृढ़ीकरण (लंबाई 5.00 किमी), ताताजोरी से बेहरापहाड़ा तक सड़क का सुदृढ़ीकरण (लंबाई 3.49 किमी), चंगहारा से घासको तक सड़क का सुदृढ़ीकरण (लंबाई 1.20 किमी), जामा से जोगडीह चरपा तक सड़क का सुदृढ़ीकरण (लंबाई 3.32 किमी), नवाडीह पीडब्ल्यूडी पथ से साहू टोला, चेतनारी तक सड़क का सुदृढ़ीकरण (लंबाई 4.256 किमी) और बंसिमी चौक से कासीटांड़ तक सड़क का सुदृढ़ीकरण (लंबाई 2.00 किमी) शामिल है. मंत्री हफीजुल हसन ने कहा कि मधुपुर विधानसभा क्षेत्र के प्रत्येक गांव और प्रत्येक सड़क तक विकास की रोशनी पहुंचाना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है. उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व में सरकार ग्रामीण क्षेत्रों के समग्र विकास के लिए लगातार कार्य कर रही है. आने वाले समय में भी मधुपुर विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्य इसी गति से जारी रहेंगे और जनता की अपेक्षाओं पर पूरी तरह खरा उतरने का प्रयास किया जायेगा.
मधुपुर विस क्षेत्र में 14 करोड़ की लागत से बनेंगी नौ सड़कें : मंत्री हफीजुल हसन
मधुपुर विधानसभा क्षेत्र में 14 करोड़ रुपये की लागत से नौ सड़कों का निर्माण जल्द शुरू होगा। मंत्री हफीजुल हसन ने बताया कि इससे ग्रामीणों को बेहतर आवागमन मिलेगा।

कैप्शन- मंत्री हफीजुल | Prabhat Khabar Network